घर -घर हुई घट स्थापना , माता के दर्शनों के लिए उमड़े भक्त
मण्डावा ।
आश्विन शुक्ल प्रतिपदा पर रविवार को पद्म योग में शारदीय नवरात्र शुरू हुए। अभिजीत मुहूर्त के साथ श्रेष्ठ मुहूर्त में घर-घर घट स्थापना हुई। घर-घर, मंदिर- मंदिर सुबह से ही रामायण की चौपाइयों के साथ दुर्गा पाठों की गूंज सुनाई दी। मण्डावा स्थित सुभाष चौक के दुर्गा मंदिर और अन्य मंदिरों में घट स्थापना के साथ दुर्गा शप्तशती और रामचरित मानस के पाठ शुरू हुए। अब पूरे नौ दिन माता की आराधना होगी। पहले दिन मां शैलपुत्री के स्वरूप की पूजा की जा रही है।
श्री दुर्गा मंदिर में अभिजीत मुहूर्त में घट स्थापना हुई। इसके बाद मंदिर को दर्शनार्थियों के लिए खोला गया। इससे पहले सुबह से ही मंदिर में भक्तों को पहुंचना शुरू हो गया। मंदिर में माता के जयकारों के साथ जय मातादी... के जयकारों से गूंज उठा। कुछ भक्त कनक दंडवत करते हुए माता के दर्शनों के लिए पहुंच रहे है।
माता के दर्शन सुबह 6 बजे से
मंदिर पुजारी सज्जनलाल शर्मा ने बताया कि अभिजीत मुहूर्त में सुबह 11.55 बजे घट स्थापना के साथ ही माता के दर्शन खुले। 16 से 23 अक्टूबर तक माता के दर्शन सुबह 6 से दोपहर 12.30 बजे तक खुलेंगे, वहीं शाम को 4 बजे से 6 बजे तक भक्त माता के दर्शन कर सकेंगे। दोपहर 12.30 बजे से शाम 4 बजे तक मंदिर के पट मंगल रहेंगे। माता के 20 अक्टूबर को छठ का मेला भरेगा। 21 अक्टूबर को सप्तमी पर रात 10 बजे निशा पूजन होगा। 22 अक्टूबर को अष्टमी पर शाम 4.30 बजे पूर्णाहुति होगी। दशमी पर 24 अक्टूबर को नवरात्रा उत्थापना होगा।