Rajasthan News: राजस्थान प्रदेश में बिजली के बेहतर उपयोग हेतु सरकार द्वारा जयपुर मे देश का पहला सोडियम-आयन बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम विकसित करने की तैयारी चल रही है। इस प्रोजेक्ट को जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड और ग्लोबल एनर्जी अलायंस फॉर पीपल एंड प्लैनेट द्वारा मिलकर विकसित किया जाएगा। सरकार के इस कदम से जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) को भीषण गर्मी में बिजली की बढ़ती मांग को संभालने और रूफटॉप सोलर से बनने वाली बिजली का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा इस परियोजना से भीषण गर्मी में बिजली की कमी भी दूर हो सकेगी।
बिजली की अधिक मांग के समय बैटरी कितनी मददगार होगी, यह जांचने हेतु जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) और ग्लोबल एनर्जी अलायंस फॉर पीपल एंड प्लैनेट द्वारा केएल सैनी स्टेडियम में 250 किलोवाट पावर के साथ 250 किलोवाट-घंटा ऊर्जा भंडारण क्षमता वाला सिस्टम स्थापित करने की तैयारी की जा रही है।
ग्लोबल एनर्जी की कंट्री हेड तान्या सिंघल ने जानकारी देते हुए बताया कि राजस्थान की परिस्थितियों में कंपनियों की मदद करेगा। सोडियम आयन की यह तकनीक चालू ट्रांसफॉर्मर पर परीक्षण कर कंपनियों को अनुमान के बजाय वास्तविक आंकड़ों के आधार पर निर्णय लेने में मदद करेगा। इस परियोजना के तहत लिथियम आयन केमिकल की भी जांच की जाएगी। गर्मी और वितरण नेटवर्क की वास्तविक परिस्थितियों में इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत सोडियम-आयन बैटरी की दक्षत और विश्वसनीयता के साथ सुरक्षा का भी परीक्षण किया जाएगा। भीषण गर्मी में बिजली की बढ़ती मांग को संभालने के लिए इस प्रोजेक्ट को काफी अहम माना जा रहा है।


