Jaipur News: जयपुर जिले की विद्याधर विधानसभा के कॉलोनीवासियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। इस क्षेत्र के रहवासियों की पानी की समस्या को दूर करने हेतु जलदाय विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार विद्याधर विधानसभा की 10 से अधिक कॉलोनी के रहवासियों को अब बीसलपुर का पानी दिया जाएगा। इसके लिए जलदाय विभाग द्वारा कनेक्शन प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। कनेक्शन प्रक्रिया के लिए आवेदन ऑनलाइन किए जाएंगे। कनिष्ठ अभियंता की रिपोर्ट के आधार पर इन कॉलोनी को बीसलपुर का पानी उपलब्ध करवाने हेतु सहायक अभियंता कार्यालय द्वारा एस्टीमेट जारी किया जाएगा।
इन कॉलोनियों के रहवासियों को मिलेगा लाभ
जलदाय विभाग द्वारा विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र के एक हजार से अधिक परिवारों को बीसलपुर पेयजल कनेक्शन देने की तैयारी शुरू हो गई है। इस प्रक्रिया के तहत नींदड़ स्थित कबीर आश्रम और रामबाग की ढाणी में जलदाय विभाग द्वारा लगाए गए विशेष में अधिकारियों और कर्मचारियों ने कॉलोनी वासियों को ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। जलदाय विभाग द्वारा विद्याधर विधानसभा की 10 से अधिक कॉलोनियों को बीसलपुर का पानी देने के लिए शुरू की गई कनेक्शन प्रक्रिया से बोरों की ढाणी, रामनाथ नगर, वार्ड नंबर एक के नींदड़, अशोक विहार, ग्रीन पार्क विस्तार, पटवारी कॉलोनी और बजरंग विहार सहित आसपास के क्षेत्र के रहवासियों को लाभ मिलेगा। कनेक्शन के लिए आवेदन करने हेतु आवेदकों को आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, मकान की फोटो जैसे मकान के दस्तावेजों की जरूरत पड़ेगी।


