Haryana News: हरियाणा प्रदेश में बिजली कर्मचारियों द्वारा जारी हड़ताल के चलते सभी जिलों में हालात बेहद खराब हो गए हैं। प्रदेश में लगातार बढ़ रही लोगों की समस्याओं को देखते हुए नायब सरकार अब बातचीत के मूड में आ गई है। बिजली मंत्री अनिल विज ने कर्मचारियों से हड़ताल खत्म कर ड्यूटी पर लौटने की अपील की है। विज ने कहा कि सरकार कर्मचारियों से इलेक्ट्रिसिटी एक्ट 2003 की धारा 108 पर कार्यवाही करना सहित सभी विकल्पों पर बातचीत करने के लिए तैयार हैं। विज ने बिजली कर्मचारी को बातचीत का नेता दिया है, जिसे कर्मचारी संगठन ने स्वीकार कर लिया है।
दोपहर 3:00 होगी बिजली कर्मचारी और सरकार के बीच बैठक
हरियाणा प्रदेश में बुधवार की रात से बिजली कर्मचारियों की चल रही हड़ताल आज खत्म हो सकती है। प्रदेश सरकार द्वारा बिजली कर्मचारियों को दिए गए बातचीत के बुलावे को कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने स्वीकार कर लिया है। बिजली कर्मचारी एवं संयुक्त संघर्ष मोर्चा के प्रवक्ता रवींद्र घणघस ने सरकार के बुलावे को स्वीकार करने की बात की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मंत्री अनिल विज की तरफ से हमें बातचीत का प्रस्ताव मिला है जिसे स्वीकार कर लिया गया है और आज दोपहर 3:00 बजे सरकार के साथ हड़ताल और मांगों को लेकर बैठक में संगठन के प्रतिनिधिमंडल बातचीत करेगा।
प्रदेश में 510 इलेक्ट्रिसिटी फीडर हुए ठप्प,
Haryana Electricity strike live: हरियाणा प्रदेश में बिजली कर्मचारियों द्वारा की जा रही हड़ताल के दूसरे दिन आज प्रदेश के सभी जिलों में असर दिखना शुरू हो गया है। इंजीनियर संगठन के महासचिव रविंद्र घणघस ने दावा करते हुए बताया कि प्रदेश में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के चलते अब तक 120 सबस्टेशन और 510 से अधिक फीडर ठप्प हो गए हैं। जिस वजह से प्रदेश के लगभग सभी जिलों में अब ब्लैकआउट की स्थिति उत्पन्न होने लगी है।
जींद, अंबाला, फरीदाबाद सहित कई जिलों में तो बुधवार रात से ही बिजली सप्लाई बंद पड़ी है। बिजली सप्लाई बंद होने से परेशान सिरसा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में गुरुवार की पूरी रात लोग सड़कों पर घूमते रहे और कुछ जगह जाम लगाने की खबर भी सामने आई है। गौरतलब है कि प्रदेश में बिजली कर्मचारी सरकार द्वारा गुरुग्राम और नूंह जिले में बिजली सप्लाई प्राइवेट कंपनी को देने के विरोध में 3 दिन की हड़ताल पर हैं। वहीं आज सरकार और बिजली कर्मचारियों के बीच बैठक को लेकर सहमति बनने के बाद हरियाणा वासियों ने कुछ राहत की सांस ली है।


