Jaipur Times
ई-पेपरYT
HI/EN
जयपुर टाइम्स
मौसम

बालघाट में झमाझम बारिश से खिले किसानों के चेहरे, मुरझाती फसलों को मिला जीवनदान

बालघाट और आसपास के गांवों में हुई दो घंटे की जोरदार बारिश ने उमस भरी गर्मी से राहत दी है और सूखने की कगार पर खड़ी खरीफ की फसलों को नई संजीवनी प्रदान की है।

संवाददाता: जयपुर टाइम्स डेस्क
बालघाट में झमाझम बारिश से खिले किसानों के चेहरे, मुरझाती फसलों को मिला जीवनदान

बालघाट। बालघाट क्षेत्र में मंगलवार को हुई झमाझम बारिश ने जनजीवन को बड़ी राहत पहुंचाई है। करीब दो घंटे तक हुई मूसलाधार वर्षा से न केवल मौसम सुहाना हो गया, बल्कि लंबे समय से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को भी सुकून मिला। इस बारिश का सबसे अधिक लाभ स्थानीय किसानों को मिला है, जिनकी फसलें पानी की कमी के कारण सूखने की कगार पर पहुंच गई थीं।

बारिश का यह दौर जहां नगर मोरडा, कमालपुरा, गढ़ी मीणापुरा, राजोली, भण्डारी और नांगल शेरपुर सहित आसपास के कई गांवों में देखने को मिला। पर्याप्त वर्षा न होने के कारण खेतों में खड़ी खरीफ की फसलें मुरझाने लगी थीं, जिससे किसानों की चिंताएं लगातार बढ़ रही थीं। इस बारिश ने उन फसलों को एक नया जीवनदान दिया है, जिससे किसानों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई है।

किसान नेताओं शिवदयाल मीणा और रामधन बैरवा ने बताया कि यह बारिश फसलों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। खेतों में खड़ी फसलों में अब नई जान आने की उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए बैठे थे और इस वर्षा ने उनकी मेहनत को बचाने का काम किया है।

क्षेत्र के किसानों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह समय-समय पर अच्छी बारिश होती रही, तो खरीफ की पैदावार में काफी सुधार होगा। बेहतर पैदावार की उम्मीद ने किसानों के हौसले को बुलंद कर दिया है। फिलहाल, इस बारिश के बाद ग्रामीण अंचल में कृषि कार्यों को लेकर सकारात्मक माहौल बना हुआ है और किसान आने वाले समय के लिए आशान्वित हैं।

प्रतिक्रियाएं

0 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।