हरियाणा सरकर द्वारा उपमंडल स्तर को जिला की हिसाब से विकसित करने का फोकस किया जा रहा है। जहां पर जनता को यातयात की बेहतर सुविधा के साथ सैर करने के लिए आधुनिक सिटी पार्क विकसित किए जा रहे है। इसी कड़ी में हिसार जिले के बरवाला शहर को नए बस स्टैंड से लेकर सिटी पार्क की सरकार द्वारा सौगात दी गई है।
इसमें बरवाला का आधुनिक बस स्टैंड बनकर तैयार हो चुका है। बस स्टैंड के साथ ही माडर्न अनाज मंडी का निर्माण किया जाएगा। हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने शनिवार को बरवाला बस स्टैंड के उद्घाटन किया और बस स्टैंड पर यात्रियों को दी गई सुविधाओं का जायजा लिया।
बरवाला बस स्टैंड पर यात्रियों को मिलेगी यह सुविधाएं
हरियाणा सरकार द्वारा बरवाला में बनाया गया बस स्टैंड आधुनिक तरीके से बनाया गया है। जहां पर यात्रियों व कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुविधाएं विकसित की गई है। इनमें छह नए बस-बे के साथ दुकान, टिकट वेंडिंग मशीन, एसी वेटिंग रूम और शिशु को दूध पिलाने के लिए अलग कक्ष बनाया है। इसके अलावा महिला, पुरुष और दिव्यांगजनों के अनुकूल शौचालयों की व्यवस्था भी की गई है।
प्रथम तल पर पांच कार्यालय कक्ष, चालकों के लिए दो डॉर्मिटरी, एक अतिरिक्त कक्ष और शौचालयों की व्यवस्था की गई है। मंत्री ने कहा कि बस स्टैंड बनने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और बरवाला में परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। बस स्टैंड का निर्माण शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
रामबाग व सिटी पार्क के लिए बजट जारी
मंत्री रणबीर गंगवा ने शहर को सुंदर बनाने के लिए अन्य प्रोजेक्ट की मंजूरी दी गई। इसमें रामबाग के विकास के लिए करीब 3.30 करोड़ रुपये का टेंडर किया गया है। सिटी पार्क पर भी लगभग 3.30 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके अलावा शहर में सड़कों, गलियों, लाइब्रेरी और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। शहर के स्टेडियम का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है, जबकि कम्युनिटी सेंटर का काम लगभग पूरा होने वाला है।
उन्होंने बताया कि बरवाला शहर की चारों दिशाओं में प्रवेश द्वारों का निर्माण किया जा रहा है। हिसार की तरफ से शहर में प्रवेश और निकास के दोनों ओर सुंदर चौक विकसित किए जाएंगे। इससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी और लोगों को बेहतर शहरी सुविधाएं मिलेंगी। शहर की अधिकांश गलियों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष गलियों का काम भी जल्द शुरू करवाया जाएगा।
अनिल चौधरी को विभिन्न मीडिया संस्थानों में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत (हरिभूमि हिंदी समाचार पत्र) से प्रिंट मीडिया में की, जहां खबरों की बुनियादी समझ और लेखन की गंभीरता सीखी। इसके बाद उन्होंने अमर उजाला (हिंदी समाचार पत्र) में 7 वर्षों तक कार्य किया। अनिल कुमार की बिजनेस, मनोरंजन, सरकारी योजनाएं और रेलवे से संबंधित खबरों पर मजबूत पकड़ है। वर्तमान में अनिल कुमार डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।