Rajasthan E-Bus Service : राजस्थान के नौ शहरों का सफर एसी व प्रदूषण रहित होने वाला है। केंद्र सरकार की तरफ से राजस्थान को पीएम ई बस योजना के तहत 1150 इलेक्ट्रिक बसें मंजूर की है। राजस्थान सरकार द्वारा इन बसों को प्रदेश के नौ शहरों में चलाई जाएगी, क्योंकि इन शहरों में यात्रियों का लोड ज्यादा है और पर्यटन के सिलसिले में विदेश के साथ अन्य राज्यों से काफी संख्या में पर्यटक आते है। राजस्थान के इन शहरों में ई बस सेवा चलने के बाद यात्रियों को सस्ता व आरामदेय सफर मिलेगा।
केंद्र ने पहले 675 इलेक्ट्रिक बसें की थी स्वीकृत, अब कोटा बढ़ाया
केंद्र सरकार की योजना पीएम ई बस सेवा योजना के तहत राजस्थान को पहले 8 शहरों के लिए 675 इलेक्ट्रिक बसें मंजूर की गई थी, लेकिन राजस्थान सरकार ने ज्यादा बस सेवा देने का अनुरोध किया था और नया प्लान बनाकर भेजा गया था। इस पर पीएम ई बस सेवा योजना के तहत अब राजस्थान के लिए 1150 ई-बसें मंजूर की गई है। पहले यह 8 शहरों में चलनी थी, लेकिन अब इनकी संख्या बढ़ाकर 9 कर दिया गया है।
पीएम ई बस सेवा के तहत जयपुर को 550, जोधपुर को 125, अजमेर एवं कोटा को 100-100, बीकानेर को 75, भीलवाड़ा, अलवर, उदयपुर और सीकर को 50-50 ई-बसें मंजूर की गई है। पीएम ई बस सेवा के तहत राजस्थान को अब तक 250 ई-बसें प्राप्त हो चुकी हैं। इनमें से 103 बसें जयपुर के लिए जेसीटीएसएल को मिली हैं। 58 बसों का संचालन बगराना डिपो से किया जा रहा है जबकि शेष बसों का संचालन टोडी डिपो से शीघ्र ही प्रारम्भ किया जाएगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी ई बस सेवा
पीएम ई बस सेवा योजना के तहत मिलने वाली बसें आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। ये ई-बसें वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों और दिव्यांगजनों के लिए किफायती और आरामदायक सफर सुनिश्चित करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वहीं, बसों में लगे सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन और सुरक्षा उपकरणों से महिला सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।


