Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

कुकनवाली-हरिपुरा सड़क निर्माण में लापरवाही, ग्रामीणों में आक्रोश

कुकनवाली-हरिपुरा सड़क निर्माण में लापरवाही, ग्रामीणों में आक्रोश

कुचामन सिटी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत कुकनवाली-इंडाली-हरिपुरा-भांवता सड़क का निर्माण लापरवाही और भ्रष्टाचार का शिकार हो रहा है। सार्वजनिक निर्माण विभाग कुचामन सिटी के अधीन इस सड़क के निर्माण में ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत से मानकों की अनदेखी की गई, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

गुणवत्ता हीन कार्य से सड़क बदहाल
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि डब्ल्यूबीएम सड़क निर्माण के दौरान लेवल मशीन का उपयोग नहीं किया गया, जिससे सड़क की सतह खराब हो गई। इसके बाद डामर बिना समुचित कुटाई और गोल छिड़काव के किया गया, जिससे सड़क उबड़-खाबड़ बन गई और कंकड़ खुले दिखाई देने लगे। सीसी सड़क निर्माण के दौरान पुरानी सड़क पर ही नई परत चढ़ा दी गई, जिससे बाजार क्षेत्र में सड़क ऊंची हो गई और स्थानीय निवासियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

खतरनाक मोड़ से हादसों की आशंका
ग्राम हरिपुरा के मंदिर परिसर के पास सड़क में खतरनाक घुमाव बनाए गए, जबकि दोनों ओर सरकारी जमीन खाली थी। ग्रामीणों ने कई बार सड़क सीधी करने का आग्रह किया, लेकिन इसे नजरअंदाज कर दिया गया।

ग्रामीणों ने उठाई आवाज, जांच के आदेश
सड़क निर्माण में हो रही लापरवाही के खिलाफ ग्रामीणों ने एकजुट होकर सार्वजनिक निर्माण विभाग जयपुर के मुख्य अभियंता और सचिवालय तक अपनी बात पहुंचाई। बड़े स्तर पर जांच करवाने और गुणवत्ता पूर्वक कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कार्यवाही न होने पर आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और सड़क का सही निर्माण नहीं हुआ, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

राजस्थान में आशा सहयोगिनियों का बढ़ा हुआ मानदेय अब इस तारीख से होगा लागू, सरकार ने जारी किए आदेश