धौलपुर। धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र के पुरा सिकरौदा गांव में दो मासूम बच्चों और एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने घटनाक्रम का खुलासा कर दिया है। 21 अक्टूबर 2026 को सामने आए इस तिहरे मौत के मामले में पुलिस जांच के अनुसार, पारिवारिक विवाद और आपसी मनमुटाव के चलते मानसिक तनाव में चल रहे विष्णु कुशवाह ने पहले अपने दो मासूम भतीजों की हत्या की और उसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में गठित टीम ने मामले की गहन जांच की। जांच में सामने आया कि परिवार में पिछले तीन-चार महीनों से आपसी संबंधों को लेकर तनाव बना हुआ था। परिजनों द्वारा विवाद सुलझाने के प्रयासों के बावजूद स्थिति सामान्य नहीं हो सकी थी। घटना से करीब 20 दिन पहले हुए विवाद के बाद परिवार के सदस्यों के बीच बातचीत काफी कम हो गई थी, जिससे विष्णु मानसिक तनाव और नाराजगी में था।
घटना के दिन, 20 अक्टूबर को विष्णु अपने दोनों भतीजों, आठ वर्षीय शनि और छह वर्षीय मानस को अपने साथ ले गया था। बाबू चौराहे पर बच्चों के लिए खाने-पीने का सामान खरीदने के बाद वह उन्हें पुरा सिकरौदा गांव के खेतों की ओर ले गया। पुलिस के अनुसार, खेत पर पहुंचने के बाद विष्णु ने बच्चों को नाश्ता कराया और उसके बाद गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
बच्चों की हत्या के बाद विष्णु ने खेत की मेड़ पर स्थित बबूल के पेड़ से प्लास्टिक की रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। अगले दिन सुबह जब तीनों के शव मिले, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी बच्चों के गले पर चोट के निशान और विष्णु के गले पर फंदे के निशान की पुष्टि हुई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और धौलपुर ग्रामीण वृत्ताधिकारी मनोहरलाल मीना के सुपरविजन में कंचनपुर थानाधिकारी हरेंद्र सिंह की टीम ने इस मामले के हर पहलू की जांच की। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर इस दुखद घटनाक्रम की पुष्टि की है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

