Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

आमोली टोल पर फिर जाम का कहर, पीछे से टैंकर की टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त

जयपुर-भरतपुर हाईवे पर आमोली टोल प्लाजा के पास डीजल टैंकर की टक्कर से एक परिवार घायल हो गया, जिससे टोल पर लगने वाले जाम की समस्या फिर चर्चा में है।

आमोली टोल प्लाजा के पास दुर्घटनाग्रस्त कार
आमोली टोल प्लाजा के पास दुर्घटनाग्रस्त कार

भरतपुर। जयपुर-भरतपुर हाईवे पर आमोली टोल प्लाजा से कुछ ही दूरी पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक परिवार बाल-बाल बच गया। हाईवे पर लगे लंबे जाम के कारण एक कार सड़क पर खड़ी थी, तभी पीछे से आए एक अनियंत्रित डीजल टैंकर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार आगे खड़ी दूसरी गाड़ी में जा घुसी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में कार सवार परिवार के कई सदस्य घायल हुए हैं, जबकि दो बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, महवा थाना क्षेत्र के सालिमपुर निवासी अजीत मीणा अपने परिवार के साथ आगरा जा रहे थे। अजीत महाराष्ट्र रेलवे में कार्यरत हैं और दिवाली की छुट्टियां बिताकर वापस ड्यूटी पर लौट रहे थे। परिवार उन्हें ट्रेन में बैठाने के लिए निकला था, लेकिन टोल प्लाजा के पास लगे भारी जाम ने उनकी राह रोक दी। इसी दौरान नायरा कंपनी के एक टैंकर ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया।

सूचना मिलने पर हलेना थाना पुलिस के एएसआई जितेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घायलों को तुरंत उपचार के लिए महवा जिला अस्पताल भेजा गया। हाईवे सेफ्टी टीम ने भी मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया ताकि यातायात सुचारू हो सके। दुर्घटनाग्रस्त टैंकर का नंबर RJ 19 GL 7186 बताया गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।

यह हादसा आमोली टोल प्लाजा पर रोजाना लगने वाले जाम की गंभीर समस्या को उजागर करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि टोल पर हर दिन एक से डेढ़ किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जो आए दिन हादसों का कारण बनती हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि जाम के कारण एंबुलेंस भी फंस जाती हैं, जिससे मरीजों की जान पर बन आती है।

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि टोल प्रबंधन और संबंधित अधिकारी इस समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं निकाल रहे हैं। जब भी इस बारे में सवाल पूछा जाता है, तो जिम्मेदार अधिकारी टालमटोल करते हैं। अब जनता ने मांग की है कि हाईवे पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए टोल प्रबंधन को सख्त कदम उठाने चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

छेहरटा-अमृतसर से मुंबई बांद्रा तक स्पेशल सुपरफास्ट ट्रेन, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान के यात्रियों मिलेगा फायदा