Haryana Roadways : हरियाणा सरकार द्वारा रोडवेज के इंफ्रा का बढ़ाया जा रहा है, ताकि शहरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को इसका लाभ मिल सके। इसके लिए नए बस स्टैंडो का निर्माण किया जा रहा है। इसी कड़ी में नारनौल जिले के कनीना बस स्टैंड को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जाएगा।
करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड परिसर में छह लेन वाला दो मंजिला अत्याधुनिक भवन बनाया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव 19 नवंबर को सुबह 9:30 बजे कनीना पहुंचकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास करेंगी। इसके साथ ही वह कनीना ब्लाक के विभिन्न विभागों के करीब 50 करोड़ रुपये की लागत वाले विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी करेंगी। स्वास्थ्य मंत्री के निजी सचिव गोविंद गोस्वामी ने बताया कि 19 नवंबर को बस स्टैंड परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इसमें स्वास्थ्य मंत्री क्षेत्र के लोगों को संबोधित करने के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगी। नए बस स्टैंड भवन के निर्माण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और बसों के संचालन की व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने की योजना है। गौरतलब है कि कनीना बस स्टैंड क्षेत्र का प्रमुख परिवहन केंद्र है।
यहां से प्रतिदिन हजारों यात्री विभिन्न शहरों के लिए आवागमन करते हैं। बस स्टैंड से रेवाड़ी, दिल्ली, कोसली, झज्जर, चरखी दादरी, जयपुर, भिवानी, महेंद्रगढ़, नारनौल और चंडीगढ़ सहित अनेक शहरों के लिए बसों का संचालन होता है। ऐसे में नए भवन का निर्माण होने से कनीना सहित आसपास के करीब 68 गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। उधर, शिलान्यास कार्यक्रम और निर्माण कार्यों की तैयारियों को लेकर विभागीय अधिकारियों ने बस स्टैंड परिसर का निरीक्षण किया।
एक्सईएन अश्वनी कुमार, एसडीओ जितेंद्र कुमार और कनिष्ठ अभियंता नीरज यादव ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान ठेकेदार सुनील भी मौजूद रहे। एडवोकेट विनय यादव, मार्केट कमेटी अध्यक्ष जयप्रकाश कोटिया, सुंदरलाल सीहोर, पार्षद दीपक चौधरी, मुकेश नंबरदार, रतनलाल शर्मा, विजेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।


