Haryana Urban Development : हरियाणा सरकार ने शहरों में वैध घोषित की गई कालोनियों के विकास पर फोकस किया है। जहां पर इन कालोनियों में सीवरेज के साथ पेयजल की सुविधा का सुधार किया जाएगा और इसके इन कालोनियों की गलियों व सड़कों का निर्माण किया जाएगा।
इसी कड़ी में झज्जर शहर की हाल ही में वैध हुईं 32 नई कालोनियों में भी सीवरेज और पेयजल की लाइनें बिछाई जाएंगी। इसके लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने कुल 116 करोड़ 54 लाख रुपये की दो बड़ी योजनाएं तैयार की हैं। इनमें सीवरेज व्यवस्था के विस्तार पर 60 करोड़ 44 लाख 75 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने पर 56 करोड़ 9 लाख 59 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। दोनों कार्यों को प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है। अब विभाग ने विस्तृत लागत अनुमान तैयार कर स्वीकृति के लिए भेज दिया है। मंजूरी मिलते ही निविदा प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कार्य आवंटित किए जाएंगे। धरातल पर काम शुरू किया जाएगा।
इन योजनाओं के लागू होने से शहर में सीवरेज और पेयजल की पुरानी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि योजना में केवल पुरानी व्यवस्था को दुरुस्त करने पर ही ध्यान नहीं दिया गया। नई वैध कॉलोनियों को भी बुनियादी सुविधाओं के नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी की गई है। इससे अब तक सीवरेज और नियमित पेयजल आपूर्ति से वंचित क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिल सकेगा।
सीवरेज व्यवस्था पर खर्च होंगे 60.44 करोड़ रुपए
विभाग की ओर से तैयार योजना के तहत शहर में सीवरेज नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए करीब 21.50 करोड़ रुपये की लागत से नई सीवर लाइनें बिछाई जाएंगी। इसके अलावा अलग-अलग आकार और गहराई के कुल 2,880 मैनहोल बनाने का प्रस्ताव है। इन पर करीब 10.89 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
घरों को सीवरेज व्यवस्था से जोड़ने के लिए 8,056 निरीक्षण चैंबर और घरेलू सीवर कनेक्शन बनाए जाएंगे। इस कार्य पर करीब 9.94 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सीवरेज के पानी को शोधन केंद्रों तक पहुंचाने के लिए करीब 4.44 करोड़ रुपये की लागत से राइजिंग मेन लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही ऑफिसर कॉलोनी, रेलवे लाइन कॉलोनी और भारत सिंह कॉलोनी में पंपिंग स्टेशन विकसित किए जाएंगे। इन स्थानों पर पंप चैंबर, पंपिंग मशीनरी, आरसीसी संग्रहण टैंक, चारदीवारी सहित जरूरी निर्माण कार्य करवाए जाएंगे।
सीवरेज शोधन केंद्रों का होगा विकास
योजना में कोसली रोड स्थित 5.50 एमएलडी और सांपला रोड स्थित 5 एमएलडी क्षमता वाले सीवरेज शोधन केंद्रों के परिसर का विकास भी शामिल है। यहां चारदीवारी, रास्तों, रोशनी और हरियाली की व्यवस्था की जाएगी। कोसली रोड स्थित शोधन केंद्र की पंपिंग मशीनरी पर करीब 95 लाख रुपये खर्च किए जाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा नालों पर दो स्लुइस गेट लगाने का प्रावधान है। अन्य जरूरी निर्माण कार्य भी योजना का हिस्सा हैं।
पेयजल पर खर्च होंगे 56.09 करोड़ रुपये
पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 56 करोड़ 9 लाख रुपए का विस्तृत अनुमान तैयार किया गया है। इसके तहत शहर में कुल 63.49 किलोमीटर लंबी नई पेयजल पाइप लाइन बिछाई जाएगी। अलग-अलग क्षेत्रों की जरूरत के अनुसार 100 एमएम से लेकर 500 एमएम तक की पाइप लाइन डाली जाएगी।
पाइप लाइन की आपूर्ति, बिछाने सहित करीब 15.30 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके अलावा 8,043 शेष घरेलू पेयजल कनेक्शन उपलब्ध करवाने का काम शामिल है। 3,500 पुराने घरेलू कनेक्शनों की मरम्मत की जाएगी। 15,086 पेयजल मीटर लगाए जाएंगे। इससे पेयजल वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। घरों तक पानी की आपूर्ति का बेहतर प्रबंधन हो सकेगा।
पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग झज्जर के अधीक्षक अभियंता अमित श्योकंद ने बताया कि उक्त कार्यों की प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है। अब विस्तृत लागत अनुमान तैयार कर मंजूरी के लिए भेजे गए हैं। मंजूरी मिलते ही टेंडर आवंटित कर कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। हाल ही में वैध हुई 32 नई कॉलोनियों में भी पेयजल और सीवरेज की लाइनें बिछाई जाएंगी।