Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

डीसीपी प्रशांत किरण के निर्देशन में दौलतपुरा पुलिस ने किया सराहनीय कार्य

जयपुर के दौलतपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सूखे कुएं में गिरी एक बुजुर्ग महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। कांस्टेबल तेजपाल के साहस की हो रही है सराहना।

कुएं में बचाव कार्य करते पुलिसकर्मी
कुएं में बचाव कार्य करते पुलिसकर्मी

जयपुर। डीसीपी प्रशांत किरण के निर्देशन में दौलतपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस की तत्परता और साहस का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। चौमूं के अहिरों की ढाणी में एक सूखे कुएं में गिरी बुजुर्ग महिला को पुलिसकर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यह घटना 3 नवंबर की सुबह करीब 9 बजकर 18 मिनट की है, जब पुलिस कंट्रोल रूम को इस हादसे की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही दौलतपुरा थानाधिकारी महेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। वहां लगभग 100 से 150 लोगों की भीड़ जमा थी, लेकिन कुएं की गहराई और खतरे को देखते हुए कोई भी ग्रामीण नीचे उतरने का साहस नहीं जुटा पा रहा था। महिला के परिजन भी वहां मौजूद थे, लेकिन वे भी असहाय थे।

मौके पर पहुंची महिला कांस्टेबल राजकिरण ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए सूझबूझ का परिचय दिया और ग्रामीणों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। कांस्टेबल तेजपाल ने अपनी जान की परवाह किए बिना रस्सी के सहारे कुएं में उतरने का निर्णय लिया। उन्होंने नीचे पहुंचकर बुजुर्ग महिला को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

महिला को कुएं से निकालने के बाद पुलिस टीम ने उसे तुरंत निजी वाहन से चौमूं के केआर अस्पताल में भर्ती कराया। इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी जयपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण के निर्देशन में की गई। बचाव कार्य में हेड कांस्टेबल पूर्णमल और कांस्टेबल कृष्ण ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आपातकालीन स्थितियों में पुलिसकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर भी नागरिकों की रक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। कांस्टेबल तेजपाल का साहस और महिला कांस्टेबल राजकिरण की सूझबूझ ने एक बुजुर्ग महिला को नया जीवन दिया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम के इस मानवीय कार्य की जमकर सराहना की है।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

करौली सामूहिक विवाह सम्मेलन: ठाकुर विनोद सिंह ने 1.51 लाख की सहायता राशि देकर बढ़ाया समाज का मान