Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

करौली सामूहिक विवाह सम्मेलन: ठाकुर विनोद सिंह ने 1.51 लाख की सहायता राशि देकर बढ़ाया समाज का मान

करौली में 20 नवंबर को होने वाले राजपूत सामूहिक विवाह सम्मेलन के लिए ठाकुर विनोद सिंह ने 1.51 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

ठाकुर विनोद सिंह और श्री राजपूत सभा के पदाधिकारी
ठाकुर विनोद सिंह और श्री राजपूत सभा के पदाधिकारी

करौली। देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर 20 नवंबर को करौली में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय राजपूत सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियां अब जोर पकड़ चुकी हैं। इस आयोजन को भव्य और सफल बनाने के उद्देश्य से श्री राजपूत सभा के पदाधिकारी समाज के दानदाताओं और भामाशाहों से निरंतर संपर्क कर रहे हैं। इसी कड़ी में सभा का एक प्रतिनिधिमंडल शिकारगंज स्थित बादलपुर सरकार मगधराय भवन पहुंचा, जहां उन्होंने ठाकुर विनोद सिंह से भेंट की।

ठाकुर विनोद सिंह ने इस सामाजिक पहल का स्वागत करते हुए अपने तीन नातियों, ठंडी सिंह, दुमका सिंह और ठोका सिंह के नाम से 1 लाख 51 हजार रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की। उन्होंने समिति के नियमों के अनुसार एक जोड़े का संपूर्ण व्यय वहन करने का भी संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें समाज सेवा के इस पुनीत कार्य में योगदान देने का अवसर प्राप्त हुआ है।

आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ठाकुर विनोद सिंह ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन सामाजिक समरसता, समानता और आपसी भाईचारे को सुदृढ़ करने का एक सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने समाज के अन्य सक्षम व्यक्तियों से भी अपील की कि वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार इस आयोजन में तन-मन-धन से सहयोग करें। उन्होंने कहा कि करौली की धरती पर इस तरह के प्रदेश स्तरीय आयोजन का होना पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है।

राजपूत सभा के पदाधिकारियों ने ठाकुर विनोद सिंह के इस उदार सहयोग की सराहना की। उन्होंने बताया कि राजपूत समाज द्वारा अब तक सात सफल सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं और यह आठवां आयोजन समाज में जागरूकता और एकता का नया संदेश देगा। भामाशाहों की सक्रिय भागीदारी से ही ऐसे बड़े सामाजिक आयोजनों को मजबूती मिलती है।

जिला प्रवक्ता वेद प्रकाश सिंह उर्फ लाला ने जानकारी दी कि आयोजन को व्यवस्थित बनाने के लिए तहसीलवार समितियों का गठन किया गया है, जो पंजीकरण और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से देख रही हैं। इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एडवोकेट ऊधी सिंह, जिला संगठन मंत्री अजित सिंह टटवाई, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह मचानी और करौली तहसील अध्यक्ष चौरजी सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

राजस्थान के स्कूलों में छुट्टियों पर अब रहेगी अब डिजिटल निगरानी, शिक्षा विभाग ने जारी किया नया आदेश