हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने यमुनानगर में एक महिला एएसआई को साढ़े नौ हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। महिला एएसआई माइनिंग की गाड़ियों को निकालने की एवज में रिश्वत ले रही थी। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने महिलाए एएसआई के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत मिली थी कि यमुनानगर के एनफोर्समेंट थाने में तैनात एएसआई रजनी देवी रेती व बजरी की गाड़ी निकालने के लिए प्रत्येक गाड़ी के हिसाब से 1000 रुपये की रिश्वत मांग रही है। रिश्वत नहीं देने पर गाड़ियों पर कार्रवाई की धमकी देती है। इस पर एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने पानीपत ब्यूरो के इंस्पेक्टर सतपाल देशवाल के नेतृत्व में टीम का गठन किया।
जहां शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी दस गाड़ियां रेती व बजरी की निकली है। उसके बदले में एएसआई रजनी साढ़े 9 हजार रुपये मांग रही है। इस पर टीम ने साढ़े 9 हजार रुपये पर पाउंडर व निशानी करके शिकायकर्ता को दे दिए। जब महिला एएसआई ने रिश्वत के रुपये लिए और इशारा मिलते ही टीम ने छापेमारी की। जहां पर एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने महिला एएसआई से रिश्वत के लिए हुए रुपये बरामद कर लिए। एंटी करप्शन ब्यूरों की टीम ने एएसआई रजनी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर सतपाल देशवाल ने बताया कि महिला एएसआई को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। उससे रिश्वत के लिए हुए रुपये भी बरामद कर लिए है। महिला एएसआई से पूछताछ की जा रही है।


