महंगाई की मार से आमजन की रसोई का बजट बिगड़ने लगा है। सब्जियों के लगातार बढ़ते दामों के बीच लहसुन 240 रुपए प्रति किलों के पार पहुंच गया है, वहीं प्याज 60 रुपए प्रति किलो तक बिक रहा है। रोजमर्रा के भोजन में तड़का लगाने वाली इन जरूरी चीजों के भाव बढ़ने से आम परिवारों, खासकर गृहिणियों की चिंता बढ़ गई है। अब लोग जरूरत के हिसाब से ही सब्जियां खरीद रहे हैं। सब्जी मंडी विक्रेता
अनिल चावला के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से थोक मंडियों से आवक कम होने और मांग बनी रहने के कारण भाव में उछाल आया है। लहसुन 240 रुपए प्रति किलो तक पहुंचने से आम उपभोक्ता अब पाव या आधा पाव ही खरीद रहे है। वहीं, प्याज के दाम 60 रुपए किलो होने से पहले जहां लोग 4 से 5 किलो खरीदते थे, वहीं अब एक-दो किलो से ही काम चला रहे हैं।
नींबू से सस्ता सेब
बाजार में महंगाई का अजीब गणित भी देखने को मिल रहा है। नींबू के भाव 100 से 150 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए हैं, जबकि अच्छी गुणवत्ता वाला सेब 90 रुपए प्रति किलो में बिक रहा है। ऐसे में सेब नींबू से भी सस्ता मिल रहा है।
दाम बढ़ने से बिगड़ा मासिक बजट
गृहिणी जसप्रीत कौर भाटिया ने बताया कि लहसुन और प्याज रोजमर्रा के खाने का अहम हिस्सा हैं। इनके दाम बढ़ने से पूरे महीने का बजट बिगड़ गया है। रसोई का खर्च संतुलित रखने के लिए अब दूसरी चीजों में कटौती करनी पड़ रही है। गृहिणी राधा पारेता ने बताया कि पहले जरूरत के अनुसार आसानी से लहसुन-प्याज खरीद लेते थे, लेकिन अब सीमित बजट के कारण सोच-समझकर खरीदारी करनी पड़ रही है। जब तक आवक नहीं बढ़ेगी, तब तक राहत मिलना मुश्किल लग रहा है।


