भुसावर। भरतपुर के भुसावर थाना क्षेत्र के बाछरैन गांव में मंगलवार की रात बिजली विभाग की कथित लापरवाही के कारण एक भीषण हादसा हो गया। रात करीब सात से आठ बजे के बीच कोली बस्ती और तेली मोहल्ला के लगभग 80 से 100 घरों में अचानक 11 केवी का हाईटेंशन करंट दौड़ गया। इस अचानक आए वोल्टेज के झटके से घरों में रखे कई बिजली के उपकरण जल गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे का सबसे दुखद पहलू गांव की एक किराना दुकान पर देखने को मिला, जहां डीप फ्रीज में जोरदार धमाका हुआ। दुकान पर बैठे 30 वर्षीय रवि जाट और 24 वर्षीय विशाल इस धमाके की चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने आनन-फानन में दोनों को महुआ राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रवि जाट को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल विशाल को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस घटना में 50 वर्षीय कल्लो देवी भी करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें भी बेहतर इलाज के लिए जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी और विशाल की हालत नाजुक बनी हुई है। दुकान मालिक अमित कुमार भी उस समय वहां मौजूद थे, लेकिन वे फ्रीज से दूर होने के कारण बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक का शव रखकर धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग की लचर व्यवस्था के कारण आज एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया। सूचना मिलने पर खेरली मोड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
बिजली विभाग के सहायक अभियंता नरोत्तम शर्मा ने भी घटनास्थल का दौरा किया, लेकिन ग्रामीणों की मांग है कि उच्च प्रशासनिक अधिकारी मौके पर आएं। पीड़ित परिवार और ग्रामीण मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मृतक के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।

