Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

भरतपुर के भोंडा गाँव में क्रेशर विवाद ने लिया खूनी मोड़: पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की SMS में, उपचार के दौरान मौत

भरतपुर के वैर में क्रेशर प्लांट पर हुए हिंसक हमले में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की मौत इलाके में भारी तनाव के बीच पुलिस बल तैनात है।

वैर, भरतपुर। भरतपुर जिले के वैर थाना क्षेत्र के भौंड़ा गांव में क्रेशर संचालन और रास्ते के विवाद को लेकर हुआ खूनी संघर्ष एक पूर्व विधायक की मौत का कारण बन गया। बयाना के पूर्व भाजपा विधायक अतर सिंह भड़ाना पर रविवार शाम को हुए जानलेवा हमले के बाद उन्हें गंभीर हालत में जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भारी तनाव व्याप्त है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।

घटनाक्रम के अनुसार, रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे पूर्व विधायक अपने क्रेशर प्लांट पर मौजूद थे, जो उनकी पत्नी कमलेश भड़ाना के नाम पर स्वीकृत है। आरोप है कि इसी दौरान 70 से 80 लोगों की भीड़ ने लाठी-डंडों और पत्थरों से उन पर अचानक हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में अतर सिंह भड़ाना और उनके सहयोगी गगन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत वैर उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया।

पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश भड़ाना ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि क्रेशर प्लांट को लेकर लंबे समय से धमकियां मिल रही थीं और बिजली आपूर्ति काटने जैसी घटनाएं भी हुई थीं, लेकिन प्रशासन ने शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया। परिजनों ने हमले के दौरान गोली चलाने का भी दावा किया है, हालांकि वैर अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच में गोली लगने की पुष्टि नहीं की है और मौत का कारण गंभीर चोटें बताया है।

दूसरी ओर, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले कई दिनों से खान तक जाने वाले रास्ते को लेकर शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि रविवार शाम को क्रेशर पक्ष के लोगों ने धरना स्थल से उन्हें जबरन हटाने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में टकराव बढ़ गया और स्थिति हिंसक हो गई।

वैर थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह के अनुसार, क्रेशर संचालन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले दो वर्षों से विवाद चल रहा था। पुलिस अब दोनों पक्षों के बयानों को दर्ज कर रही है और फायरिंग के दावों की गहनता से जांच की जा रही है। एसएमएस अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है ताकि स्थिति को नियंत्रित रखा जा सके।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

राजस्थान की बेटी पिया ने तय किया शिक्षक से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा तक पहुंचने का सफर, ट्रंप की बढ़ाई मुश्किलें