Jaipur News: राजस्थान प्रदेश की राजधानी जयपुर में रहवासियों को बिजली के लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए बिजली विभाग द्वारा अकेड़ा सबस्टेशन को अपग्रेड किया गया है। बता दें कि इस सबस्टेशन पर लोड अधिक होने की वजह से शहर के कई क्षेत्रों में लोगों को बिजली के लगने वाले पावर कटों का भी सामना करना पड़ रहा था। शहर के विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र और आस-पास के इलाकों में बिजली लोड बढ़ने से आ रही ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या को देखते हुए जयपुर डिस्कॉम ने अकेड़ा रोड नंबर-18 स्थित 33/11 केवी सब स्टेशन की क्षमता बढ़ा दी है।
अकेड़ा सबस्टेशन पर लगाया गया है 8 MVA का ट्रांसफार्मर
जयपुर शहर के अकेड़ा सबस्टेशन पर 5 मेगा वोल्ट-एम्पीयर (MVA) का पावर ट्रांसफार्मर हटाकर 8 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया गया है। इससे ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता 60% बढ़ गई है। अकेड़ा सब स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार पिछली गर्मियों में बिजली की मांग बढ़ने से पुराने 5 एमवीए ट्रांसफार्मर पर लगातार लोड बढ़ रहा था। जिसके चलते इस सब स्टेशन पर अब 8 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया है। इस ट्रांसफार्मर की स्थापित होने के बाद ओवरलोडिंग, बार-बार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या से मुक्ति मिलेगी। बिजली विभाग दिवाली त्योहार और अगले साल गर्मियों में संभावित अतिरिक्त लोड को देखते हुए क्षमता बढ़ाई गई है।
इन क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
बिजली विभाग के एक्सईएन सीडी-7 डी.के. पुंदीर के निर्देशन में अकेड़ा सब स्टेशन में लगाए गए नए ट्रांसफार्मर से शहर के कई क्षेत्रों को पावर कट की समस्या से निजात मिलेगा। इससे रोड नंबर-18 वीकेआईए, अखेपुरा, कृष्णा विहार, रोड नंबर-19 रीको और जेडीए बस्ती सहित आसपास के इलाकों को फायदा होने की उम्मीद है। खासकर औद्योगिक क्षेत्र में पीक लोड के दौरान ट्रिपिंग कम होने और वोल्टेज प्रोफाइल बेहतर होने की उम्मीद है। शहर वासियों को नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद दिवाली के त्योहार पर भी अतिरिक्त लोड होने से लगने वाले पावर कट से मुक्ति मिलेगी।


