Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

अति पिछड़ा वर्ग के उत्थान को प्रतिबद्ध सरकार: मुख्यमंत्री भजनलाल  

अति पिछड़ा वर्ग के उत्थान को प्रतिबद्ध सरकार: मुख्यमंत्री भजनलाल  

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार अति पिछड़ा वर्ग के कल्याण और उत्थान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कौशल विकास के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। गुर्जर समाज के योगदान को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि यह समाज देश की अर्थव्यवस्था और सामाजिक संस्कृति को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है।

बिड़ला सभागार में आयोजित देवनारायण जयंती समारोह में मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार विकास कार्यों के साथ विरासत संरक्षण पर भी ध्यान दे रही है। खाटूश्याम मंदिर कॉरिडोर के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि आसींद स्थित देवनारायण मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर विकास कार्य किए जाएंगे।

पशुपालकों और किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए सरकार ने गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना के तहत ब्याज मुक्त ऋण की सुविधा दी है। अति पिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए कई आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों की स्थापना के लिए भूमि आवंटन किया गया है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए व्यापक बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब कल्याण, विकास कार्य, आतंकवाद और नक्सलवाद का खात्मा भारत की वैश्विक पहचान को और सशक्त बना रहा है। समारोह में गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम, सांसद मदन राठौड़, देवनारायण बोर्ड चेयरमैन ओमप्रकाश भड़ाना समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

करौली के गुडला गांव में सामाजिक एकजुटता की मिसाल, नैना धानका की शानदार जीत