सरदारशहर। पंचायत समिति की साधारण सभा में मंगलवार को 63 में से 39 सरपंच अनुपस्थित रहे, जिससे बैठक का महत्व सवालों के घेरे में आ गया। प्रधान निर्मला राजपुरोहित की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में बिजली, पानी, सड़कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर चर्चा की गई।
जनप्रतिनिधियों ने बिजली विभाग, पीएचडी और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों पर समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़कों की हालत दयनीय है, टेंडर के बाद भी काम समय पर पूरा नहीं हो रहा।
बैठक में विकास अधिकारी महेंद्र सौलकी ने केंद्र और राज्य की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी दी और लंबित कार्य जल्द पूरे करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान जिला परिषद सदस्य श्योकरण पोटलिया, पंचायत समिति सदस्य श्यामलाल शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय समस्याओं पर रोष व्यक्त किया। हालांकि, सरपंचों की अनुपस्थिति ने बैठक की उपयोगिता पर सवाल खड़े कर दिए।


