अधिकारी आपसी समन्वय रखते हुए जनहित से जुडे विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को समयबद्ध रूप में पूरा करावे - सांसद महंत बालकनाथ
अलवर। सांसद महन्त बालकनाथ की अध्यक्षता में जिला परिषद सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। सांसद महन्त बालकनाथ ने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग कर तय समय सीमा में कार्य पूर्ण कराये। उन्होंने निर्देश दिये कि स्वीकृत विकास कार्यों को कार्य योजना बनाकर समयबद्ध रूप से पूर्ण कराए तथा नए कार्यों के प्रस्ताव बनाकर विभाग को भिजवाए। उन्होंने कहा कि ऐसे विकास कार्य जो केंद्र सरकार से जुड़े है उनके प्रस्ताव तैयार कर भिजवाए तथा भिजवाए गए प्रस्तावों की सूची उपलब्ध कराए, ताकि केंद्र सरकार से उन कार्यों को शीघ्र स्वीकृत कराया जा सके। उन्होंने विभागवार कार्यों की समीक्षा कर निर्देश दिये कि बैठक में दिए गए निर्देशों व सुझावों की पालना कराने हेतु विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण कराये।
उन्होंने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियन्ता को निर्देश दिये कि जिले में जले हुए विद्युत ट्रांसफार्मरों को यथाशीघ्र बदलवाए साथ ही उन्होंने निर्देश दिये कि ट्रांसफार्मर वितरण एवं अन्य विभागीय कार्यों में पारदर्शिता लाने हेतु मोबाइल एप या पोर्टल विकसित करवाया जाये ताकि उपभोक्ताओं को अपनी परिवेदना की स्थिति एवं विभागीय व्यवस्था की जानकारी रहे। उन्होंने निर्देश दिये कि जेल चौराहे से कटीघाटी तक डाली गई अंडर विद्युत लाइन को चालू करावे साथ ही ओपन विद्युत लाइन को हटवाए उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियन्ता को निर्देश दिये कि कालीमोरी अंडरपास के निर्माण कार्य को अन्य विभागों के साथ समन्वय कर यथाशीघ्र पूर्ण कराये। उन्होंने भिवाड़ी अलवर मेगा हाईवे के निर्माण व रख-रखाव करने वाले सार्वजनिक उपक्रम रिडकोर के अधिकारियों को निर्देश दिये कि इस सड़क के डिवाइडर, मरम्मत एवं सोल्डर आदि कार्य में गति लावे। साथ ही निर्देश दिये कि सड़क पर जहां अतिक्रमण हो रहा है उसको भी हटाया जाये। उन्होंने जल जीवन मिशन की समीक्षा कर अधीक्षण अभियन्ता को निर्देश दिये कि जल जीवन मिशन की शेष रही सभी परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराये। साथ ही निर्देश दिये कि जिन परियोजनाओं में शिकायतें प्राप्त हुई हैं उनकी जांच कर संबंधित अधिकारी एवं फर्म के विरूद्ध कार्रवाई करें। उन्होंने मुण्डावर के ग्राम जसाई में जल जीवन मिशन योजना में घटिया पाइप लाइन डालने के प्रकरण की जांच यथाशीघ्र पूर्ण कर कार्रवाई करने के निर्देश दिये। उन्होंने जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियन्ता को निर्देश दिये कि अलवर शहर सहित जिलेभर में स्वीकृत पेयजल बोरिंग के कार्यों को यथाशीघ्र पूर्ण कराया जाए। साथ ही उन्होंने निर्देश दिये कि सिलीसेढ झील से अलवर पानी लाने की परियोजना को गति देने हेतु विभाग से समन्वय करें। उन्होंने निर्देश दिये कि अलवर शहर में विगत दो वर्षो में जलदाय विभाग द्वारा की गई बोरिंगों की सूची उपलब्ध कराये। उन्होंने नगर परिषद आयुक्त को निर्देश दिये कि स्वीकृत अतिरिक्त ऑटो टिपरों की यथाशीघ्र खरीद करें। साथ ही निर्देश दिये कि अलवर शहर विधायक द्वारा लम्पी रोग के समय पशुओं के लिए एम्बुलेंस के लिए दी गई राशि से एम्बुलेंस खरीद की कार्यवाही पूर्ण करे। शहर में रोशनी व साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार लाये। उन्होंने निर्देश दिये कि शराब ठेके के एक लाइसेंस पर अन्य ब्रान्च चलाने वालों के विरूद्ध कार्रवाई करे। उन्होंने सीएमएचओ को निर्देश दिये कि बहरोड जिला अस्पताल में कराए गए कार्यों की सूची उपलब्ध कराये।


