Bharatpur News: राजस्थान प्रदेश के भरतपुर जिले में प्रदूषण कम होने के बाद ग्रेप 3 की पाबंदियों को हटा दिया गया है। ग्रेप 3 की पाबंदियों भरतपुर में लोगों ने राहत की सांस ली है। बता दें कि दीपावली पर पटाखों के धुएं के बीच भरतपुर की हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंचने के बाद ग्रेप 3 के नियम लागू किए गए थे। अब प्रदूषण के स्तर में सुधार होने के बाद इन पाबंदियों को हटा लिया गया है। गौरतलब है कि 8 नवंबर को शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 369 दर्ज किया गया था, जो बहुत खराब श्रेणी में था।
एक्यूआई घाटकर आया 149 पर
भरतपुर जिले में एक्यूआई घटकर अब 149 पर आ गया। पिछले नौ दिन में एक्यूआई में 220 अंकों की हुई गिरावट के बाद शहर में प्रदूषण का स्तर रेड अलर्ट से घटकर यलो अलर्ट की श्रेणी में पहुंच गया है। जिसके चलते दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की उप-समिति ने 17 नवंबर को ग्रेप-3 की पाबंदियां हटाने का फैसला लिया है।
कंस्ट्रक्शन के कार्यों पर रोक रहेगी जारी
भरतपुर में ग्रेप 3 की पाबंदियों को प्रदूषण कम होने के बाद हटा दिया गया है। लेकिन निर्माण कार्यों पर लगी सभी रोक खत्म नहीं हुई है। सीएक्यूएम के 30 अक्टूबर के अलग निर्देश के तहत धूल पैदा करने वाली निर्माण और तोड़फोड़ गतिविधियों पर 20 नवंबर तक रोक जारी रहेगी। उमेश कुमार, क्षेत्रीय अधिकारी, राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, भरतपुर ने बताया कि दीपावली के बाद प्रदूषण के स्तर में गिरावट आने और एक्यूआई घटकर 149 पर पहुंचने के बाद सीएक्यूएम ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रेप-3 की पाबंदियां हटा दी हैं, लेकिन 30 अक्टूबर के निर्देशों के तहत 20 नवंबर तक धूल पैदा करने वाली निर्माण और तोड़फोड़ गतिविधियों पर रोक जारी रहेगी। जिसके चलते भरतपुर में कंस्ट्रक्शन के कार्य 20 नवंबर के बाद ही कर सकेंगे। कंस्ट्रक्शन कार्य के दौरान धूल नियंत्रण के लिए पानी का छिड़काव और प्रदूषण नियंत्रण के अन्य उपाय भी जारी रखने होंगे।


