Agra-Bandikui Railway Track: अंग्रेजों के जमाने में 20 अप्रैल 1874 में बिछाया गया आगरा-बांदीकुई रेलवे ट्रैक 152 साल बाद भी दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन का इंतजार कर रहा है। जी हां... राजस्थान प्रदेश के अलवर जिले में खेड़ली, मंडावर-महुवा रोड और नदबई क्षेत्र के यात्रियों को अंग्रेजों के जमाने में बिछाए गए रेलवे ट्रैक पर दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन शुरू होने का आज भी इंतजार है। इन क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए आज भी भरतपुर या बांदीकुई से ट्रेन पकड़नी पड़ती है। इस क्षेत्र की दुकानदार और व्यापारियों को दिल्ली से सामान लाने के लिए सीधी ट्रेन नहीं होने के कारण अतिरिक्त समय और पैसा खर्च करना पड़ रहा है।
यात्रियों ने इंटरसिटी सुपरफास्ट ट्रेन चलाने की उठाई मांग
20 अप्रैल 1874 में बिछाए गए आगरा-बांदीकुई रेलवे ट्रैक पर यात्री अब इंटरसिटी सुपरफास्ट ट्रेन चलाने की मांग कर रहे हैं। इस क्षेत्र के ट्रेन यात्रियों ने जयपुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच बांदीकुई, भरतपुर और मथुरा होकर इंटरसिटी सुपरफास्ट ट्रेन चलाने की मांग की है। इसके संचालन और संबंधित स्टेशनों पर ठहराव मिलने से खेड़ली, मंडावर-महुवा रोड और नदबई क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली-एनसीआर से सीधा रेल संपर्क मिल सकेगा।
हरियाणा के प्रमुख शहरों से होगा सीधा जुड़ाव
यात्रियों को कहना है कि इंटरसिटी सुपरफास्ट ट्रेन चलने से हरियाणा के प्रमुख शहरों से भी सीधा जुड़ाव हो जाएगा। ट्रेन की शुरू होने से हरियाणा के फरीदाबाद, बल्लभगढ़, पलवल और कोसी कलां जैसे प्रमुख स्टेशनों तक पहुंचना आसान हो सकता है। इसके अलावा जयपुर और दिल्ली के बीच भी वैकल्पिक रेल सेवा मिलने से दुकानदार और व्यापारियों को लाभ मिलेगा। वहीं नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और इलाज के लिए दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी इस ट्रेन के शुरू होने से सुविधा मिलने की उम्मीद है।
खेड़ली, मंडावर रोड और नदबई स्टेशनों 11 लाख यात्री करते हैं ट्रेन से सफर
अलवर जिले के खेड़ली, मंडावर रोड और नदबई स्टेशनों से आसपास के क्षेत्रों से लाखों यात्री ट्रेन से सफर करते हैं। जनप्रतिनिधियों और यात्रियों ने रेल मंत्रालय व रेलवे अधिकारियों से जयपुर-हजरत निजामुद्दीन इंटरसिटी सुपरफास्ट ट्रेन चलाने तथा खेड़ली, मंडावर रोड और नदबई स्टेशनों पर ठहराव देने की मांग की है। गौरतलब, है कि इन तीनों स्टेशनों से रेलवे को एक वित्तीय वर्ष में करीब 10 करोड़ रुपए की आय होती है और लगभग 11 लाख यात्री सफर करते हैं।
रेल मंत्री तक पहुंचा चुके हैं मांग
पवन जैन चौधरी, अध्यक्ष, नगरपालिका खेड़ली ने बताया कि इस ट्रैक पर चलने वाली चार ट्रेनों के ठहराव का प्रस्ताव केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के माध्यम से भिजवाने के बाद एक ट्रेन का ठहराव मिल गया है। हालांकि, अब भी यात्री अन्य ट्रेनों के ठहराव का इंतजार है। उन्होंने कहा कि खेड़ली रेलवे स्टेशन को एनसीआर क्षेत्र से जोड़ने का प्रस्ताव भी विचाराधीन है। वहीं लखमी चंद कंसल, अध्यक्ष, एनसीआर रेल यात्री समिति, खेड़ली का कहना है कि हमने जयपुर-दिल्ली ट्रेन के लिए रेल मंत्री, केंद्रीय मंत्री, स्थानीय जनप्रतिनिधियों सांसद और विधायक सहित रेलवे के सभी बड़े अधिकारियों को प्रस्ताव बनाकर ज्ञापन दिया है। हालांकि, अभी भी अंग्रेजों के जमाने में बने इस रेलवे ट्रैक पर दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन चने की प्रस्ताव पर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।