Khatu Shyam Train : देव उठनी एकादशी 20 नवंबर को है। इस दौरान सभी प्रकार के शुभकार्य विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश आदि प्रारंभ हो जाएंगे। इसी दिन तुलसी का भी पूजन कर यह कामना की जाती है कि घर में आने वाले मंगल कार्य निर्विघ्न संपन्न हों। इसके चलते दिल्ली एनसीआर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु रींगस के खाटूश्याम के दर्शन करने भी जाते हैं। संभावित यात्री भार को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली, रेवाड़ी से कई विशेष ट्रेन चलाए हैं।
इसमें दिल्ली सराय रोहिल्ला-रींगस के बीच बुधवार से 22 नवंबर तक अनारक्षित स्पेशल ट्रेन का संचालन हो रहा है। इससे दिल्ली, गुरुग्राम, रेवाड़ी एवं आसपास के यात्रियों को फायदा होगा। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा देवउठनी एकादशी पर यात्रियों की सुविधा के लिए व्यवस्था की गई है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि ट्रेन नंबर 04472, दिल्ली सराय रोहिल्ला रींगस अनारक्षित स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन 18 से 21 नवंबर तक दिल्ली सराय रोहिल्ला से प्रतिदिन शाम सात बजकर 10 मिनट पर चलकर रात 12 बजकर 40 मिनट पर रींगस पहुंचेगी। इस दौरान रेवाड़ी जंक्शन पर रात 10 बजे पहुंचेगी। 10 मिनट के ठहराव के बाद चलकर रात 11 बजे नारनौल पहुंचकर नीमका थाना होते हुए रींगस पहुंचेगी।
इसी प्रकार ट्रेन नंबर 04471, रींगस दिल्ली सराय रोहिल्ला अनारक्षित स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन 19 से 22 नवंबर तक रींगस से प्रतिदिन रात दो बजे चलकर नीमका थाना, नारनौल होते हुए चार बजकर 55 मिनट पर रेवाड़ी पहुंचेगी। 10 मिनट के ठहराव के बाद पटौदी रोड, गुरुग्राम, दिल्ली छावनी होते हुए साढ़े छह बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला पहुंचेगी। इस ट्रेन में 16 साधारण श्रेणी एवं दो गार्ड डिब्बों सहित कुल 18 डिब्बे होंगे।
दिल्ली सराय- देहर का बालाजी के बीच 21 तक विशेष ट्रेन
देवउठनी एकादशी के चलते दिल्ली सराय ढेहर का बालाजी (जयपुर) के बीच बुधवार से 21 नवंबर तक विशेष ट्रेन संचालित होगा। मुख्य जनसपंर्क अधिकारी के अनुसार ट्रेन नंबर 04474, दिल्ली सराय ढेहर का बालाजी (जयपुर) अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 18 से 20 नवंबर तक दिल्ली सराय से रात 11 बजकर 55 मिनट पर रवाना होकर अगले दिन पांच बजकर 15 मिनट पर ढेहर का बालाजी पहुंचेगी। इस दौरान रेवाड़ी जंक्शन पर रात एक बजकर 35 मिनट पर पहुंचेगी।
पांच मिनट के ठहराव के बाद नारनौल, नीमकाथाना, श्रीमाधोपुर, रींगस, चौमू सामोद होते हुए ढेहर का बालाजी पहुंचेगी। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 04473, ढेहर का बालाजी (जयपुर)- दिल्ली सराय अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 19 से 21 नवंबर तक ढेहर का बालाजी से सुबह छह बजकर 50 मिनट पर चलकर चौम सामोद होते हुए सात बजकर 55 मिनट पर रींगस आएगी।
यहां पांच मिनट के ठहराव के बाद श्रीमाधोपुर, नीमकाथाना होते हुए नौ बजकर 50 मिनट पर नारनौल पहुंचेगी। दो मिनट बाद चलकर पौने 12 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। पांच मिनट के ठहराव के बाद चलकर पटौदी रोड, गुरुग्राम, दिल्ली छावनी होते हुए दो बजे दिल्ली सराय पहुंचेगी।