Haryana Drinking Water Project : हरियाणा सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंच सके, इसके लिए जलघर निर्माण के साथ नई पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इसी योजना के तहत गोहाना क्षेत्र के पांच गांवों रिढ़ाना, बरोदा ठुठान, जौली, बाघड़ और दोदवा में पेयजल समस्या के समाधान के लिए बड़े स्तर पर काम होगा।
वर्षों से जर्जर जलघरों और पेयजल की समस्या से जूझ रहे इन गांवों को राज्य सरकार ने लगभग 25.43 करोड़ रुपये की 'जल संजीवनी' दी है। जनस्वास्थ्य विभाग ने इन सभी पांच गांवों के जलघरों के संपूर्ण नवीनीकरण के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। इस प्रोजेक्ट के तहत ऊंचे भूजल स्तर के कारण क्षतिग्रस्त हो चुके ईंटों के पुराने तालाबों को ध्वस्त कर उनकी जगह आरसीसी के तालाब टैंक तैयार किए जाएंगे।
इसके साथ नए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीप) तैयार किए जाएंगे, जिससे पानी शोधन की क्षमता बढ़ेगी। इन गांवों में भूजल स्तर काफी ऊंचा होने के कारण पानी भंडारण के लिए ईंटों से बनाए गए तालाब और दूसरे टैंक नीचे से धंसने और क्षतिग्रस्त होने लगे थे।
इससे तालाबों में पानी के रिसाव और पानी की गुणवत्ता खराब होने की समस्या बनी रहती थी। समस्या के समाधान के लिए विभाग ने पुराने ढांचे को बदलकर आधुनिक तकनीक आधारित जलघर बनाने का निर्णय लिया।
यह होगा फायदा डब्ल्यूटीपी बनने से नहर या अन्य स्रोतों से आने वाला पानी पूरी तरह फिल्टर होकर घरों तक पहुंचेगा, जिससे जलजनित बीमारियों से बचाव होगा। आरसीसी के तालाब बनने से जमीन के ऊंचे जलस्तर का दबाव नुकसान नहीं पहुंचा पाएगा। इससे पानी की बर्बादी रुकेगी। जलघरों में जल भंडारण क्षमता बढ़ेगी। नई पाइप लाइन बिछाने से गांवों में अंतिम छोर पर बसे घरों तक भी पूरे प्रेशर के साथ पानी पहुंच सकेगा।
कितना बजट और क्या होंगे काम
गांव रिढाणा में काम करने के लिए 8.81 करोड़ रुपये का टेंडर लगाया गया। यहां पुराने ईंटों के तालाबों को तोड़कर आधुनिक आरसीसी संरचना में बदला जाएगा और अन्य कार्य किए जाएंगे।
गांव बरोदा ठुठान में काम कराने के लिए 7.15 करोड़ का टेंडर लगाया गया। यहां जर्जर तालाबों को ध्वस्त कर दो नए आरसीसी के तालाब बनाए जाएंगे। पानी के शोधन के लिए 50 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) स्थापित होगा।
गांव जौली के लिए 4.71 करोड़ रुपये का टेंडर लगाया गया। यहां पर पुराने तालाबों की जगह नई आरसीसी संरचना तैयार की जाएगी। स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति के लिए एक एमएलडी क्षमता का डब्ल्यूटीपी तैयार कराया जाएगा।
गांव बागडू में लगभग 2.85 करोड़ रुपये का टेंडर लगाया गया। ईंटो के दो पुराने तालाबों को तोड़कर नए आरसीसी के तालाब बनेंगे। पानी की सप्लाई के लिए नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
गांव दोदवा में कामों के लिए लगभग 1.90 करोड़ का टेंडर लगाया गया। दो पुराने तालाबों को हटाकर आरसीसी के तालाब बनाए जाएंगे और पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा।
जनस्वास्थ्य विभाग एसडीओ नरेंद्र कुमार ने बताया कि सरकार द्वारा क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पाच गांवों में विभिन्न कार्य कराने की स्वीकृति दी थी। इसके बाद प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए विभाग ने टेंडर लगाए हैं।