Kal Ka Mausam: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार कल 17 नवंबर की शाम को बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात गंभीर रूप धारण कर सकता है। जिसके चलते तटीय राज्यों में 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार कल बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात के प्रभाव से तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकाल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। वहीं आंध्र प्रदेश में 18, 19 और 20 नवंबर को तेज बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा केरल राज्य में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार चक्रवर्ती तूफान का असर मुख्य रूप से दक्षिणी भारत के राज्यों में देखने को मिलेगा।
दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब में मौसम रहेगा साफ
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा कल दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान राज्य में बारिश को लेकर किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग के अनुसार इन राज्यों में लगभग पूरा दिन सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। वहीं हरियाणा और पंजाब के कुछ क्षेत्रों में सुबह के समय हल्की धुंध दिखाई दे सकती है। दोपहर के समय में मौसम साफ रहने और तेज धूप खिलने का अनुमान है। बता दें कि 14, 15 नवंबर को कुछ क्षेत्रों में हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद हरियाणा और राजस्थान में तापमान में गिरावट देखने को मिली है। राजस्थान के कई जिलों में अब ठंड ने भी अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है।
उत्तर प्रदेश में कल घने कोहरे का अलर्ट
उत्तर प्रदेश राज्य में मौसम विभाग द्वारा कल सुबह के समय घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार कल उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, सुबह के समय प्रदेश के वाहन चालकों को धुंध की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। सुबह और रात के समय उत्तर प्रदेश राज्य में कल कोहरे की वजह से सड़क यातायात के साथ ट्रेनें भी प्रभावित हो सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर के समय में उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में धूप खेलने का अनुमान है।
बिहार सहित इन राज्यों में मौसम रहेगा साफ
बिहार, उत्तराखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और मेघालय राज्य में कल 17 नवंबर को बारिश को लेकर किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इन राज्यों में कल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। वहीं अंडमान निकोबार द्वीप समूह और अरुणाचल प्रदेश में गरज-चमक के साथ कल हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।



