Haryana News: हरियाणा प्रदेश के मजदूर 1 दिसंबर से 3 दिसंबर तक दिल्ली में अपनी मांगों को लेकर पड़ाव डालने की तैयारी कर रहे हैं। सीटू हरियाणा की कार्यकर्ताओं की आम सभा में 1-3 दिसम्बर के दिल्ली पड़ाव की तैयारी तेज करने का फैसला लिया गया। इसे लेकर रोहतक में हुई बैठक की अध्यक्षता राज्य उपाध्यक्ष सतवीर सिंह ने की। सभा में प्रदेश अध्यक्ष सुरेखा, महासचिव जय भगवान और उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने कहा कि देश भर से मजदूरों, स्कीम वर्कर्स और कच्चे कर्मचारियों की बड़ी भागीदारी दिल्ली में जुटेगी और यह महज रैली ही नहीं होगी, बल्कि मांगों के समाधान के लिए सरकार पर दबाव बनाने वाला प्रदर्शन होगा।
रोहतक में हुई बैठक में पहुंचे मजदूर नेताओं के अनुसार प्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल को मांगपत्र भेजकर बातचीत की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने 12 साल के राज में पूंजीपतियों के पौ बारह किए हैं और जनता की रोजी-रोटी पर हमले किए हैं। आशा, आंगनबाड़ी, मिड डे मिल, क्रेच कर्मियों के साथ सालों से धोखाधड़ी करते हुए उनके श्रम की लूट की है। मनरेगा को तबाह करने का काम किया है। निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड को पंगु बनाने का काम किया है और रोजगार का ठेकाकरण किया है। इसलिए इन नीतियों को पलटवाने के लिए 3 दिन मजदूर दिल्ली में डटेंगे।
17 से 27 नवंबर के बीच जिला भर में ब्लॉक स्तर पर जत्थे
राज्य उपाध्यक्ष सतवीर सिंह ने कहा कि दिल्ली पड़ाव के लिए हरियाणा के जींद जिले में तैयारी तेज हो गई है। दो दौर का अभियान हो चुका है। 17 से 27 नवंबर के बीच जिला भर में ब्लॉक स्तर पर जत्थे चलेंगे और हजारों की संख्या में निर्माण मजदूर कारीगर, आशा वर्कर्स, मिड डे मील वर्कर्स, क्रेच वर्कर्स, ग्रामीण सफाई कर्मचारी, चौकीदार, वन मजदूर, मनरेगा मजदूर, ट्रांसपोर्ट वर्कर्स, भट्ठा मजदूर आदि विभिन्न हिस्से बढ़ चढ़ कर भाग लेंगे।
इस दौरान सभा में चार लेबर कोड रद्द करने, स्थायी रोजगार, कच्चे कर्मचारियों व स्कीम वर्कर्स को पक्का करने, मनरेगा बहाली, निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्डों को मजबूत करने तथा ट्रांसपोर्ट, रेहड़ी-पटरी और गिग वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा देने की मांग दोहराई गई। बता दे कि प्रदेश के कई जिलों में अपनी मांगों को लेकर मजदूर के सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने की कवायद तेज हो गई है।


