Indian Railway: रेलवे में अवैध वेंडरों नेटवर्क अब राजधानी एक्सप्रेस तक फैल चुका है। बता दें कि राजस्थान प्रदेश के कोटा मंडल में अवैध वेंडरों का कारोबार अब प्रमुख और प्रीमियम ट्रेनों तक पहुंच गया है। रेलवे प्रशासन की अनदेखी के चलते अवैध वेंडरों के हौसले इतने बुलंद है कि वे राजधानी स्तर की ट्रेनों में भी बेधड़क खाद्य सामग्री सरेआम बेच रहे हैं। इस शनिवार को बांद्रा-निजामुद्दीन युवा एक्सप्रेस (12247-48) में ऐसा ही मामला सामने आया है।
यात्रियों से मिली जानकारी के अनुसार ट्रेन में करीब आधा दर्जन अवैध वेंडर कोटा स्टेशन से सवार हो गए थे। ये कोटा से लेकर निजामुद्दीन तक सरेआम खाद्य सामग्री बेचते रहे। हैरानी की बात यह रही कि ट्रेन में टीटीई और आरपीएफ स्टाफ मौजूद होने के बावजूद किसी ने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की।
राजस्थान में इन स्टेशनों के बीच सरेआम चल रहा है अवैध वेंडरों का गोरखधंधा
ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के मुताबिक अवैध वेंडर सुबह कोटा से चढ़कर सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी होते हुए आगे बढ़ते हैं। इस दौरान ये ट्रेन यात्रियों को चाय, कॉफी, नमकीन, कचौरी, समोसा व पानी जैसी सामग्री बेचते हैं। यही नहीं, वापसी में रात के समय भी इसी ट्रेन से गंगापुर सिटी लौटते वक्त यात्रियों को अवैध रूप से सामान बेचते रहते हैं। कुछ वेंडर तो यात्रियों से मनपसंद खाने का आर्डर लेकर तय कीमत से दोगुनी राशि भी वसूल रहे हैं, जिससे घटिया गुणवत्ता का खाना परोसे जाने की शिकायतें भी आम हो गई हैं।
राजस्थान के कई रेलवे स्टेशनों पर अवैध वेंडरों का है खुला राज
अवैध वेंडरों का यह नेटवर्क केवल ट्रेनों तक सीमित नहीं रहा। अवैध वेंडर अब कोटा सहित मंडल के कई स्टेशनों के प्लेटफॉर्मों पर भी खुला राज कर रहे हैं। यात्रियों का आरोप है कि कोटा स्टेशन पर रेलवे कॉलोनी, तुल्लापुरा, बापू कॉलोनी और नाका चुंगी क्षेत्र के कई लोग रोजाना प्लेटफॉर्म पर घूमते हैं। इनमें कुछ वेंडर तो बाकायदा रेलवे जैसी वर्दी पहनकर सामान बेचते हैं जिससे यात्रियों के लिए असली और नकली वेंडर में फर्क करना मुश्किल हो जाता है।
मामले की जांच करवाकर कार्रवाई करेंगे: वरिष्ठ रेलवे मंडल प्रबंधक
यात्रियों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद आरपीएफ और वाणिज्य विभाग के अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर कार्रवाई से बचते नजर आते हैं। वहीं सौरभ जैन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, कोटा मंडल ने मामला सामने आने के बाद कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि यदि प्रीमियम ट्रेनों में इस तरह अवैध वेंडर चल रहे हैं, तो यह पूरी तरह नियम के विरुद्ध और गलत है। मामले की जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


