Kota Ringas Special Train : खाटूश्यामजी जन्मोत्सव को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को राहत देने के लिए तैयारियां अभी से शुरू कर दी है। खाटूश्याम जन्मोत्सव से हरियाणा, पंजाब, यूपी, एमपी, आंध्रप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र सहित देश के अन्य राज्यों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते है।
ऐसे में खाटूश्याम यानी रींगस तक जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ जुट जाती है और यात्रियों को सफर करना मुश्किल हो जाता है, लेकिन रेलवे ने जन्मोत्सव पर मेले को देखते हुए स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कोटा से रशीदपुरा खोरी वाया जयपुर स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। इस ट्रेन में आरक्षित श्रेणियों की सीटें उपलब्ध हैं।
स्पेशल ट्रेन का यह टाइम किया निर्धारित
रेलवे विभाग ने यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई गई ट्रेन संख्या 09803 कोटा रशीदपुरा खोरी स्पेशल 19 नवंबर को कोटा से रात 9:55 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 5:40 बजे रशीदपुरा खोरी पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09804 रशीदपुरा खोरी-कोटा स्पेशल 20 नवंबर को सुबह 7:15 बजे रवाना होगी और उसी दिन शाम 4:30 बजे कोटा पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर ठहराव
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में लाखेरी, इंदगढ़ सुमेरगंज मंडी, सवाई माधोपुर, दुर्गापुरा, जयपुर, देहर का बालाजी, रींगस जंक्शन और सीकर जंक्शन स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन में वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कुल 16 कोच होंगे। खाटूश्यामजी के दर्शन करने वाले श्रद्धालु रींगस जंक्शन पर उतरकर करीब 17 किलोमीटर की सड़क यात्रा से मंदिर जा सकेंगे। यात्री आइआरसीटीसी से सीटों की उपलब्धता देखकर अग्रिम आरक्षण करा सकते हैं। ट्रेन की ताजा जानकारी एनटीईएस या रेलवे हेल्पलाइन 139 से ली जा सकती है।


