धौलपुर। धौलपुर जिले के सरमथुरा पंचायत समिति क्षेत्र के बरौली गांव में पंचायत चुनाव से ठीक पहले हिंसा की एक दुखद घटना सामने आई है। रविवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 34 वर्षीय पीतम की गोली लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पीतम बाजार जा रहा था, तभी सरपंच पद के प्रत्याशी रिंकू और बंटू समेत 20 से अधिक लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर चेहरे पर गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोग शव को लेकर सरमथुरा अस्पताल पहुंचे और मॉर्च्युरी के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हवा सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने सरमथुरा पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरपंच प्रत्याशी द्वारा गांव में अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा था, जिसकी शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
मृतक के परिजनों ने यह भी दावा किया कि वारदात के बाद आरोपी पक्ष ने गांव में खुद ही आगजनी की घटनाओं को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच करीब तीन घंटे तक चली वार्ता के बाद रात एक बजे शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया। पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में सुरक्षा बढ़ा दी है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के नेतृत्व में गठित विशेष टीमों ने रातभर सघन दबिश दी। इस त्वरित कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी सहित कुल 10 लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा हो सके। एसपी ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पीतम तीन भाइयों में सबसे छोटा था और खेती-बाड़ी का काम करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बरौली गांव में अभी भी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और गांव में शांति व्यवस्था बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

