Chandigarh Like Development, : हरियाणा की सीमा के साथ लगते पंजाब के प्रमुख शहर मोहाली को चंडीगढ़ जैसा लुक देने का प्लान बनाया है। मोहाली को चंडीगढ़ की तरह ही खूबसुरत बनाया जाएगा। मोहाली को चंडीगढ़ की तर्ज पर विकसित करने की कवायद अब शहर के प्रमुख चौराहों और राउंडअबाउट की खूबसूरती तक पहुंच गई है।
शहर में बेहतर सड़क नेटवर्क और व्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था के साथ अब सार्वजनिक स्थानों को आकर्षक बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसी दिशा में गमाडा द्वारा पीआर-7 रोड के प्रमुख जंक्शनों का सौंदर्याकरण करवाया जाएगा। इन जंक्शनों को हरियाली, पौधारोपण और आकर्षक लैंडस्केपिंग के जरिए नया स्वरूप देने की योजना है। इस पूरे कार्य पर 55.61 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस परियोजना के तहत गुरुद्वारा सोहाना साहिब जंक्शन के अलावा सेक्टर 68/69/78/79 और सेक्टर 67/68/79/80 के जंक्शनों को शामिल किया गया है। इन स्थानों पर हार्टिकल्चर से संबंधित कार्य करवाए जाएंगे, ताकि राउंडअबाउट केवल यातायात को नियंत्रित करने वाले स्थान न रहकर शहर की सुंदरता बढ़ाने वाले आकर्षक स्थल भी बन सकें।
मोहाली में पिछले कुछ समय से सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने के साथ नए जंक्शन और राउंडअबाउट विकसित किए जा रहे हैं। अब इनकी सुंदरता को लेकर भी योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। चंडीगढ़ की तरह प्रमुख चौराहों पर हरियाली और बेहतर लैंडस्केपिंग शहर के समग्र स्वरूप को आकर्षक बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है। पीआर-7 रोड के चार जंक्शनों का चयन भी इसी सोच के तहत किया गया है।
परियोजना की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि इसमें केवल हार्टिकल्चर कार्य करवाकर जिम्मेदारी समाप्त नहीं होगी। इसके साथ एक साल के रखरखाव का प्रावधान भी रखा गया है। संबंधित एजेंसी को विकसित किए हरित क्षेत्रों और लगाए पौधों की देखभाल करनी होगी। इससे पौधारोपण के बाद उनकी उचित देखरेख सुनिश्चित करने और सौंदर्याकरण को लंबे समय तक बनाए रखने में मदद होगी।


