Gold Silver Price Drop : फेस्टिवल सीजन समाप्त होते ही सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। बीते एक सप्ताह में सोने के भाव में करीब पांच हजार रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत में करीब 10 हजार रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई है।
बाजार में आई इस नरमी से ज्वेलरी खरीदने की योजना बना रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर शादी के आगामी सीजन को देखते हुए सराफा बाजार में एक बार फिर ग्राहकों की सक्रियता बढ़ने के आसार हैं। लुधियाना ज्वेलर्स एसोसिएशन के
प्रधान आनंद सिकरी के अनुसार दीपावली के दौरान 24 कैरेट सोने की कीमत करीब 1 लाख 45 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम थी, जो अब घटकर करीब 1 लाख 39 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई है। वहीं सोमवार को एमसीएक्स मार्केट में सोने में गिरावट देखने को मिली। जहां पर एमसीएक्स मार्केट में सोना की कीमत प्रति दस ग्राम 134412 रुपये तक पहुंच गई है।
वहीं चांदी का भाव अब करीब 1 लाख 82 हजार रुपये प्रति किलो रह गया है। जबिक एमसीएक्स मार्केट में चांदी की कीमत में सोमवार को भारी गिरावट देखने को मिली है। जहां चांदी की कीमत 169,194 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव, डालर की मजबूती और निवेशकों की ओर से मुनाफावसूली का असर भी कीमती धातुओं के भाव पर पड़ रहा है। पिछले कुछ समय से ऊंचे भाव के कारण कई ग्राहक खरीदारी टाल रहे थे, अब कीमतों में आई गिरावट से ऐसे ग्राहकों को खरीदारी का बेहतर अवसर मिल सकता है।
शादी सीजन से बढ़ सकती है मांग
सराफा कारोबारियों के अनुसार आने दिनों में शादी के आयोजनों के चलते सोने और चांदी की मांग में तेजी आने की संभावना है। कीमतों में मौजूदा गिरावट यदि जारी रहती है तो बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ सकती वाले है। हालांकि, कारोबारी फिलहाल अंतरराष्ट्रीय बाजार की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। आने वाले दिनों में कीमतों का रुख ही तय करेगा कि ग्राहक खरीदारी के लिए कितना उत्साह दिखाते हैं।


