Ratlam News: रतलाम जिले की उपमंडी नामली में किसानों की उपज रखने के लिए बने शेड (प्लेटफॉर्म) पर व्यापारियों द्वारा खरीदी गई उपज जमा कर कब्जा किए जाने से किसान परेशान हैं। स्थिति यह है कि सोमवार को होने वाले मुहूर्त के सौदों के लिए रविवार दोपहर से ही किसान अपनी उपज लेकर पहुंचने लगे हैं, लेकिन शेड में जगह नहीं मिलने से उन्हें फसल खुले में जमीन पर डालनी पड़ रही है। खुले में उपज रखने से बारिश और आंधी-तूफान में फसल खराब होने का खतरा बना हुआ है।
दो नोटिस भी बेअसर, आज हो सकती है कार्रवाई
किसानों का आरोप है कि व्यापारियों और मंडी के कुछ कर्मचारियों की कथित मिलीभगत के चलते यह समस्या बनी हुई है। दीपावली के पहले खरीदी गई उपज की बोरियां अब तक शेड में ही रखी हैं, जबकि नियमों के अनुसार व्यापारियों को इसे अपने गोदामों में रखना चाहिए। मामले में मंडी प्रशासन द्वारा दो बार नोटिस जारी कर चेतावनी दी जा चुकी है, लेकिन व्यापारियों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। अब सोमवार को प्रशासन द्वारा कब्जाधारी व्यापारियों पर कार्रवाई की संभावना है।
मंडी प्रशासन को निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए
श्रेणिक कुमार जैन, अध्यक्ष, व्यापारी एसोसिएशन उपमंडी ने कहा कि मंडी प्रशासन की ओर से दो बार नोटिस जारी हो चुका है और मेरे द्वारा भी व्यापारियों को प्लेटफॉर्म से उपज हटाने की समझाइश दी गई है। इसके बावजूद माल नहीं हटाना गलत है। किसानों को परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन को निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।


