Asian championship: मध्यप्रदेश राज्य में मंदसौर जिले के होनहार बेटे आरव ने एशियन चैंपियनशिप में अपनी सफलता का परचम लहरा दिया है। आरव ने दुबई में हुई एशियन चैंपियनशिप में एक या दो नहीं बल्कि पांच पदक जीतकर प्रदेश का नाम पूरे देश में रोशन कर दिया है। आरव की इस सफलता पर पूरे मंदसौर जिले में लोग खुशी मना रहे हैं। मंदसौर जैसे छोटे से जिले से निकलकर दुबई में एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर आरव बफाना ने खेल में करियर बनाने की सोच रहे मप्र के हजारों युवाओं में नई ऊर्जा भर दी है। आरव की इस सफलता पर पूरा प्रदेश नाज कर रहा है।
2 स्वर्ण के साथ जीते तीन रजत पदक
आरव बफाना ने दुबई (यूएई) में आयोजित एशियन चैंपियनशिप 2026 में 5 पदक जीतकर देश और जिले का मान बढ़ा दिया। आरव ने अंडर-13 बॉयज वर्ग में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए 2 स्वर्ण और 3 रजत पदक हासिल किए। इन्होंने व्यक्तिगत स्पर्धा के लेजर रन और ट्रायथल में रजत पदक जीते। वहीं टीम स्पर्धा के लेजर रन और ट्रायथल में स्वर्ण तथा बायथल में रजत पदक अपने नाम किया।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच आरव ने किया शानदार प्रदर्शन
दुबई में हुई एशियन प्रतियोगिता में एशिया के विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में आरव ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच शानदार प्रदर्शन किया। आरव मंदसौर के लोटस वैली स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। आरव की इस उपलब्धि पर खेलप्रेमियों और शहरवासियों और प्रदेशवासियों ने खुशी जताई। आरव ने बताया कि इस प्रतियोगिता के लिए उसने दिन-रात कड़ी मेहनत की थी। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, उसके लिए कड़ी मेहनत की जरूरत होती है। अगर आप एक लक्ष्य निर्धारित कर लगन से उसे पर मेहनत करते हैं तो एक ना एक दिन आपको मंजिल अवश्य मिलती है।


