Rainwater Drainage Projec : हरियाणा सरकार हर शहर के विकास पर फोकस किया जा रहा है। जहां पर नए सड़क निर्माण के साथ शहरों में बनी हुई जलभराव की स्थिति से निपटने का प्लान तैयार किया है। इसी कड़ी में चरखी दादरी में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए अब बड़े स्तर पर योजना तैयार की गई है।
जिसके तहत करीब 74 करोड़ रुपये की लागत से शहर में नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी। बरसाती पानी की निकासी के लिए जिले की कलियाणा ग्राम पंचायत ने 30 एकड़ जमीन उपलब्ध करवाई है। इस जमीन पर बरसाती पानी को एकत्रित करने के लिए बड़ा तालाब बनाया जाएगा। योजना का नक्शा भी तैयार हो चुका है।
वहीं, नगर परिषद की ओर से पानी निकासी के लिए डिस्पोजल बनाने को जगह उपलब्ध करवा दी गई है। टाटा शोरूम के सामने 30 बाई 90 फुट का डिस्पोजल बनाया जाएगा। योजना को धरातल पर उतारने के लिए अब संबंधित विभागों से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र लेने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।
बरसात के दौरान पानी की नहीं होती थी निकासी
शहर में बरसात के दिनों में कई मुख्य सड़कों, बाजारों और निचले इलाकों में पानी जमा होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार घंटों तक पानी की निकासी नहीं हो पाती, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से व्यापक योजना तैयार की जा रही है। इसमें शहर के बरसाती पानी को पाइप लाइन के माध्यम से निर्धारित स्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था होगी। इसके बाद पानी को कलियाणा में प्रस्तावित तालाब में एकत्रित किया जा सकेगा।


