Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

डाक विभाग की डिजिटल सेवा शुरू, घर बैठे पार्सल भेजें और मुफ्त पिकअप का भी लाभ लें

डाक विभाग की डिजिटल सेवा शुरू, घर बैठे पार्सल भेजें और मुफ्त पिकअप का भी लाभ लें

India Post Click and Book : डाकघर की सेवाओं का लाभ लेने के लिए अब लोगों को बार-बार डाकघर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। डाक विभाग ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए क्लिक एंड बुक पोर्टल शुरू किया है। इसके माध्यम से लोग घर बैठे पार्सल, मनी ऑर्डर, ई-आईपीओ, अन्य डाक सेवाओं की ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं। ऑनलाइन बुकिंग के बाद डाक विभाग के कर्मचारी उपभोक्ता के घर पहुंचकर पार्सल उठाकर ले जाएंगे। इस सुविधा से व्यापारियों, ऑनलाइन कारोबार करने वालों, आम लोगों को काफी राहत मिलेगी। जिले में इस पोर्टल के माध्यम से रोजाना करीब 600 बुकिंग हो रही हैं।

क्लिक एंड बुक पोर्टल के तहत पार्सल भेजने वाले उपभोक्ताओं को पिकअप की सुविधा भी दी जा रही है। यदि पार्सल का डाक शुल्क 500 रुपये से कम है तो घर से पार्सल उठाने के लिए 10 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। 500 रुपये से अधिक डाक शुल्क वाले पार्सल की पिकअप निःशुल्क होगी।

इसके अलावा, जिन उपभोक्ताओं को बड़ी संख्या में पार्सल भेजने होते हैं, उनके लिए बल्क बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध है। ऐसे उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर 50 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। उनके पार्सलों का पिकअप भी निःशुल्क किया जाएगा। इससे नियमित रूप से सामान भेजने वाले व्यापारियों, कारोबारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा।

केवाईसी पूरी होने पर बिना फॉर्म भरे निकलेंगे रुपए

डाकघर ने खाताधारकों के लिए पैसे निकालने की प्रक्रिया को अब और भी आसान कर दिया है। जिन खाताधारकों की ई-केवाईसी का सत्यापन पूरा हो चुका है, वे अब बिना किसी फॉर्म को भरे डाकघर से रुपये निकलवा सकते हैं। इसके लिए खाताधारक को केवल अपनी डाकघर की पासबुक साथ लानी होगी।

कर्मचारी पासबुक प्राप्त करने के बाद कंप्यूटर में खाताधारक का खाता नंबर दर्ज करेगा। इसके बाद खाताधारक जितनी राशि निकलवाना चाहता है, वह दर्ज की जाएगी। फिर खाताधारक का अंगूठा स्कैन किया जाएगा। अंगूठे का सत्यापन होते ही खाताधारक को राशि दे दी जाएगी।

झज्जर के मुख्य डाकरघर के सब पोस्ट मास्टर सतीश कुमार ने बताया कि डाक विभाग की ओर से उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए क्लिक एंड बुक पोर्टल शुरू किया गया है। इसके माध्यम से घर बैठे पार्सल, मनी ऑर्डर सहित विभिन्न डाक सेवाओं की बुकिंग करवा सकते हैं। उन्हें डाकघर आने की जरूरत कम पड़े।

मुख्य डाकघर में 1.28 लाख से अधिक खाताधारक

झज्जर जिले में डाक विभाग का नेटवर्क 86 शाखा डाकघरों, 13 उप डाकघरों और एक मुख्य डाकघर के माध्यम से संचालित हो रहा है। मेन बाजार स्थित मुख्य डाकघर में वर्तमान में 1 लाख 28 हजार 754 से अधिक खाताधारक हैं। इनमें से अब तक करीब चार प्रतिशत खाताधारकों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। विभाग ने वर्ष 2027 तक 75 प्रतिशत खाताधारकों की ई-केवाईसी पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए खाताधारकों को ई-केवाईसी करवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

कुलदीप यादव को लगा दोहरा झटका, वनडे और टेस्ट टीम दोनों से हुए बाहर