Haryana Sports Department : ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए बनाए गए राजीव गांधी खेल स्टेडियमों की बदहाल स्थिति पर खेल विभाग ने संज्ञान लिया है। क्षेत्र के 16 खेल स्टेडियम का कायाकल्प किया जाएगा। तीन स्टेडियम पर जहां टेंडर के बाद काम शुरू कर दिया गया है। वहीं 13 स्टेडियम के लिए बजट अप्रूव हो गया है। इन स्टेडियम में सुबह व शाम को गांव के हजारों बच्चे अभ्यास करने आ रहे हैं।
स्टेडियम की अधिकतर इमारतों में फिलहाल न तो टॉयलेट की सुविधा बची है और न ही दरवाजे सलामत हैं। स्टेडियमों की स्थिति इतनी खराब है कि हॉल के दरवाजे दीमक खा चुकी है, टाइलें उखड़ गई हैं और दीवारों में दरारें पड़ गई हैं व खिड़की व दरवाजों के कांच टूट गए हैं। सिसाना, छिनौली, कथूरा, भठगांव, भैंसवाल और सरगथल गांवों के स्टेडियमों की हालत सबसे अधिक दयनीय है।
खेल विभाग ने इन स्टेडियमों की स्पेशल रिपेयर के लिए एस्टीमेट बनाए थे, अब यह अप्रूव हो गए हैं। बजट मिलने के बाद अब यहां काम करने के लिए टेंडर प्रक्रिया की जाएगी। हलालपुर, औरंगाबाद व नाहरा स्टेडियम का काम शुरू हो चुका है। नाहरा स्टेडियम के लिए 14 लाख 72637 रुपए बजट, हलालपुर स्टेडियम के लिए 12 लाख 43113 रुपए व औरंगाबाद स्टेडियम के लिए 14 लाख 11199 रुपए बजट मिला है।
स्वीपर नहीं, टॉयलेट की सफाई नहीं होती
राजीव गांधी खेल स्टेडियमों पर चौकीदार व ग्राउंड मैन तो नियुक्त किए हैं लेकिन स्वीपर नहीं है। इसके चलते टॉयलेट की सफाई नहीं होती और परेशानी रहती है। सभी 16 स्टेडियम में यह परेशानी है। बदबू के कारण खिलाड़ी टॉयलेट में जा भी नहीं पाते।
सुभाष स्टेडियम में भी परेशानीः सुभाष स्टेडियम का मिट्टी भराव नहीं हुआ। यह करीब 12 फीट गहरा है। मिट्टी न डालने से इंडोर स्टेडियम की प्लानिंग भी लटकी हुई है। बारिश में यहां दो फीट तक जलभराव हो जाता है। सप्ताह भर तक खिलाड़ी अभ्यास नहीं कर पाते। करीब 66 लाख के बजट में कोई कंपनी काम के लिए आगे नहीं आ रही।
ग्रामीण क्षेत्र स्थित इन स्टेडियमों की मरम्मत के लिए एस्टीमेट बनाए गए थे। जो अप्रूव हो गए हैं। इनके लिए बजट जारी हो गया है। 13 स्टेडियम के लिए एक करोड़ 59 लाख 40092 रुपए से इन स्टेडियम का काम होगा। कई स्टेडियम की हालत ज्यादा खराब है, अब रिपेयर होने से खिलाड़ियों को सीधी राहत मिलेगी। - मनोज, जिला खेल अधिकारी सोनीपत।
इन 13 स्टेडियम के लिए बजट हुआ अप्रूव
राजीव गांधी खेल स्टेडियम भैसवाल कलां
राजीव गांधी खेल स्टेडियम भठगांव
राजीव गांधी खेल स्टेडियम छिनौली
- राजीव गांधी खेल स्टेडियम जुआ
- राजीव गांधी खेल स्टेडियम कधूरा
राजीव गांधी खेल स्टेडियम खानपुर कलां
राजीव गांधी खेल स्टेडियम मदीना
राजीव गांधी खेल स्टेडियम मोई हुड्डा
राजीव गांधी खेल स्टेडियम महमुदपुर मान
राजीव गांधी खेल स्टेडियम पुरखास
राजीव गांधी खेल स्टेडियम राजलू गढ़ी
राजीव गांधी खेल स्टेडियम सिसाना
राजीव गांधी खेल स्टेडियम सरगथल