IPS Kamya Sharma: भारतीय पुलिस सेवा की बात की जाए तो काम्या मिश्रा चर्चित नाम रहा है। बहुत ही छोटे से सेवा काल में काम्या मिश्रा ने अपनी खास पहचान बनाई और फिर जिस उम्र में कई युवा नौकरी की तलाश में लगे रहते हैं, उस महज 28 साल की उम्र में उन्होंने आईपीएस की नौकरी छोड़ दी।
काम्या मिश्रा एक बार फिर चर्चा में हैं, क्योंकि आईपीएस की नौकरी छोड़ने के बाद उन्होंने जनता दल यूनाइटेड यानी JDU के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा से मुलाकात की है। इससे उनके राजनीति में आने की चर्चाएं काफी तेज हो रही हैं। हालांकि काम्या मिश्रा अपने पुलिस करियर में भी काफी चर्चाओं में रही हैं। अब संजय कुमार झा से मुलाकात की फोटो काम्या मिश्रा ने स्वयं ही सोशल मीडिया पर सार्वजनिक की हैं। हालांकि अभी पार्टी में शामिल होने को लेकर कोई बात सामने नहीं आई है।
22 साल की उम्र में बनी आईपीएस अधिकारी
काम्या मिश्रा मूल रूप से ओडिशा राज्य से आती हैं और वे यूपीएससी की परीक्षा में सफलता के समय भी काफी चर्चित रहीं। क्योंकि उन्होंने महज 22 साल की उम्र में UPSC परीक्षा अपने पहले ही प्रयास में क्रैक कर ली थी। ऑल इंडिया रैंक 172 के साथ साथ आईपीएस बनने वाली काम्या मिश्रा 2019 बैच की IPS अधिकारी हैं और उनकी तेजतर्रार कार्यशैली काफी चर्चित रही है।
बदला कैडर, बिहार में मिली पोस्टिंग
हालांकि काम्या मिश्रा आईपीएस बनने के साथ ही हिमाचल प्रदेश कैडर में चयनित हुईं। इसके बाद वे बिहार कैडर में आ गईं। जब वे बिहार पुलिस सेवा में रहीं तो उनको काफी पहचान मिली। क्योंकि उन्होंने पूर्व मंत्री मुकेश सहानी के पिता जीवन साहनी की हत्या की जांच की। इसके बाद 2024 में उन्होंने IPS पद से त्याग पत्र दे दिया और मार्च 2025 में केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा उनका त्यागपत्र स्वीकार किया गया।


