Haryana Railway Project : रेलवे विभाग द्वारा हरियाणा रेलवे व्यवस्था में लगातार बदलाव किया जा रहा है। जहां प्रदेश के कई रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर दिया है। अब रेलवे विभाग ने हरियाणा के कैथल रेलवे स्टेशन के विस्तार की योजना बनाई है। फिलहाल कैथल का रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म काफी छोटा है, इसके कारण ट्रेनों के लिए प्लेटफार्म छोटा पड़ रहा है।
ऐसे में रेलवे विभाग ने अब कैथल रेलवे स्टेशन को 24 कोच वाली ट्रेनों के अनुरूप बनाया जाएगा, ताकि यात्रियों को उतरने व चढ़ने में परेशानी नहीं आए। इसके लिए रेलवे विभाग की तरफ से 2.80 करोड़ रुपए रुपये की राशि मंजूर की है। इस राशि के माध्यम से प्लेटफार्म को 300 से बढ़ाकर 550 मीटर किया जाएगा।
फिलहाल प्लेटफार्म की ऊंचाई भी कम है और अब इसको एक फीट से बढ़ाकर डेढ़ फीट की जाएगी। रेलवे विभाग द्वारा तैयार किए गए प्लान के अनुसार यह प्लेटफार्म तीन साल में बनकर तैयार होगा। यात्रियों को ट्रेन से उतरने के लिए कई बार प्लेटफॉर्म से नीचे उतरना पड़ता है या कोच से दूर तक पैदल चलना पड़ता है।
बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। विस्तार के बाद लंबी ट्रेनों के सभी कोच प्लेटफॉर्म पर आ सकेंगे और यात्रियों को चढ़ने-उतरने के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी।
24 कोच के हिसाब से बनाया जाएगा प्लेटफार्म
रेलवे विभाग की तरफ से कैथल के रेलवे स्टेशन के विस्तार करके उसको 24 कोच वाली ट्रेन के अनुरूप बनाया जाएगा। रेल यात्री कल्याण समिति के चेयरमैन सतपाल गुप्ता ने बताया कि कैथल रेलवे स्टेशन पर कई एक्सप्रेस ट्रेनों का आवागमन है।
यहां से प्रतिदिन तीन एक्सप्रेस ट्रेन सहित 14 ट्रेनों की आवाजाही रहती है। इसमें दौलतपुर-साबरमती एक्सप्रेस और साप्ताहिक उदयपुर सिटी-चंडीगढ़ एक्सप्रेस की 24 कोच होते है। इसके कारण इन ट्रेनों पर प्लेटफार्म छोटा पड़ जाता है। इसके कारण प्लेटफार्म पर ट्रेन नहीं लगने के कारण यात्रियों को उतरने व चढ़ने में परेशानी होती है।
कैथल स्टेशन से गुजरती हैं 14 ट्रेनें
कैथल रेलवे स्टेशन से तीन एक्सप्रेस सहित कुल 14 ट्रेनों का आवागमन होता है। इनमें दौलतपुर-साबरमती एक्सप्रेस, उदयपुर सिटी-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, दिल्ली-कुरुक्षेत्र डीएमयू, अंब अंदौरा-रायपुर हरियाणा जंक्शन ईएमयू, जींद-कुरुक्षेत्र व कुरुक्षेत्र-जींद पैसेंजर शामिल हैं।
काम शुरू, ढाई से तीन साल में होगा पूरा
कैथल रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर नरेंद्र शर्मा ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने प्लेटफॉर्म की लंबाई और ऊंचाई बढ़ाने के लिए 2.80 करोड़ रुपए की मंजूरी दी थी। मई में टेंडर लगाया गया था और अब निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। इसे अगले ढाई से तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य है।