Bikaner News: राजस्थान प्रदेश के बीकानेर जिले में आज उस समय दिवाली की खुशियां मातम में बदल गई, जब ट्रेन की चपेट में आने से एक साथ तीन लोगों की जान चली गई। वहीं चौथा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। यह घटना आज रविवार की दोपहर बीकानेर जिले के घड़सीसर ट्रैक की बताई जा रही है। मौके पर पहुंची जीआरपी और स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर में ट्रेन की चपेट में आने के बाद जान गवाने ने वालों में पति-पत्नी और एक अन्य व्यक्ति शामिल है।
हादसे में जान गाने वाले तीनों हैं बिहार निवासी
बीकानेर जिले के घड़सीसर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आकर जान गंवाने वाले तीनों व्यक्ति बिहार के बताए जा रहे हैं। घटना तकरीबन दोपहर 1:30 बजे की है। घटनास्थल पर चश्मदीद लोगों के अनुसार ट्रेन की चपेट में आने से घायल हुए चौथे व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। वहीं पति-पत्नी और एक अन्य व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया है। थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मरने वालों में एक व्यक्ति की संजीत मोची नाम से पहचान हुई है, जो बिहार के दरभंगा जिले का रहने वाला है।
पति-पत्नी का झगड़ा बना मौत का कारण
घड़सीसर रेलवे ट्रैक पर पर आज हुए दर्दनाक हादसे के बारे में जानकारी देते हुए वार्ड नंबर 30 के पार्षद अब्दुल सत्तार ने बताया कि बिहार निवासी पति-पत्नी आपस में लड़ते झगड़ते हुए रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए थे। इसके बाद उनका झगड़ा शांत कराने के लिए और उन्हें रेलवे ट्रैक से दूर करने के लिए उनके दो साथी भी उनके नजदीक पहुंच गए। इस दौरान तेज गति से आ रही ट्रेन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई और चौथा गंभीर रूप से घायल हो गया है।


