Haryana ACB Raid : हरियाणा की एसीबी की टीम ने बिजली निगम के जेई को रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। जेई ट्रांसफार्मर बदलने की एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। एसीबी की टीम ने छापेमारी करके जेई को 4000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। एंटी करप्शन ब्यूरों की टीम ने बिजली निगम जेई के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की टीम आरोपी से संबंधित पूछताछ कर रही है।
एसीबी यूनिट करनाल को एक व्यक्ति ने दी शिकायत में बताया कि उसका ट्रांसफार्मर खराब पड़ा हुआ है और इसको बदलवाने के लिए उसने एसडीई ऑप्रेशन, यूएचबीवीएन जुडला कार्यालय में आवेदन दिया था, लेकिन उसका ट्रांसफार्मर नहीं बदला। जब इसके लिए जेई हरदीप सिंह से मिला तो उसने ट्रांसफार्मर बदलने की एवज में चार हजार रुपये की रिश्वत मांगी, रिश्वत नहीं देने पर ट्रांसफार्मर बदलने में आनाकानी करता रहा।
जेई हरदीप की हरकतों से परेशान होकर उसने शिकायत दी। एसीबी की टीम ने शिकायत मिलने पर मामला दर्ज करके छापामार दल का गठन किया। जहां पर शिकायतकर्ता को एसीबी की टीम ने रिश्वत के चार हजार रुपये पाउंडर व नंबर नोट करके दे दी। जब शिकायकर्ता ने जेई से संपर्क किया तो अपने पास बुला लिया और जैसे ही उसने चार हजार रुपये की रिश्वत दी तो टीम की तरफ से इशारा कर दिया।
इस पर टीम ने तुरंत ही छापेमारी करके जेई हरदीप को पकड़ लिया और उसके पास से रिश्वत के तौर पर लिए हुए चार हजार रुपये बरामद कर लिए। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। टीम ने जेई हरदीप के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है और उससे फिलहाल पूछताछ की जा रही है।


