Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

डीडवाना-कुचामन पंचायत चुनाव: तृतीय चरण को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद

डीडवाना-कुचामन में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण को शांतिपूर्ण बनाने के लिए एसपी डॉ. प्यारे लाल शिवरान ने पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष ड्यूटी के सख्त निर्देश दिए हैं।

डीडवाना में पंचायत चुनाव ड्यूटी के लिए पुलिस अधिकारियों को ब्रीफिंग देते एसपी डॉ. प्यारे लाल शिवरान
डीडवाना पुलिस लाइन में चुनाव ड्यूटी ब्रीफिंग के दौरान एसपी डॉ. प्यारे लाल शिवरान ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

डीडवाना(लोकेश अग्रवाल)।पंचायतीराज चुनाव के तृतीय चरण को पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न करवाने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान ने पुलिस लाइन परिसर डीडवाना में एक महत्वपूर्ण संपर्क सभा और चुनाव ड्यूटी ब्रीफिंग का आयोजन किया। बैठक में सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए एसपी ने ड्यूटी में तैनात सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवरान ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनाव ड्यूटी के दौरान प्रत्येक पुलिसकर्मी पूर्ण निष्पक्षता, सतर्कता और अनुशासन के साथ कार्य करे। किसी भी राजनीतिक दल, प्रत्याशी या व्यक्ति के प्रति पक्षपातपूर्ण व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था का अहम हिस्सा है इसलिए हर मतदाता को बिना किसी भय या दबाव के स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए। ब्रीफिंग के दौरान संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों तथा पूर्व में विवादित रहे क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात करने और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए। एसपी ने असामाजिक तत्वों, आदतन अपराधियों और शांति व्यवस्था को बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा। इसके साथ ही अवैध शराब, हथियारों, मादक पदार्थों और धनबल के इस्तेमाल पर पूरी तरह अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए।राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आदर्श आचार संहिता की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलाई जाने वाली अफवाहों और भड़काऊ पोस्ट पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस ब्रीफिंग में जिले के समस्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृताधिकारी, सुपरवाइजरी ऑफिसर्स, सहायक सुपरवाइजरी ऑफिसर्स और मोबाइल पार्टी प्रभारी अपने जाप्ते के साथ मौजूद रहे जिन्हें आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ चुनाव ड्यूटी के लिए रवाना किया गया। जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रलोभन या डर में आए बिना पूरी तरह निर्भीक होकर मतदान करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
​

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

गुरुग्राम, पानीपत और अंबाला से बिहार के लिए चलेगी 12 अंतरराज्यीय बसें, किराये में 1100 रुपये से ज्यादा की छूट