राजस्थान से हरियाणा व दिल्ली को रेलवे विभाग द्वारा नई कनेक्टिविटी देने की तैयारी कर ली है। इसके लिए रेलवे विभाग द्वारा हरियाणा से राजस्थान के बीच में 191 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाई जाएगी। इस नई रेल लाइन से जहां राजस्थान के नई जिलों को रेल सुविधा मिलेगी, वहीं दिल्ली से जयपुर, अहमदाबाद, मुंबई की दूरी भी कम हो जाएगी और सफर भी सुपरफास्ट होने वाला है।
रेलवे बोर्ड ने नई रेल लाइन के लिए डीपीआर और फाइनल लोकेशन सर्वे रिपोर्ट तैयार करने की मंजूरी दे दी है। यह रेल लाइन हरियाणा से राजस्थान के विभिन्न जिलों के बीच से होते हुए जयपुर को सीधे जोड़ेगी। यह रेल लाइन फिलहाल दिल्ली व जयपुर को जोड़ने वाली रेल लाइन से अलग होगी। नई रेल लाइन बिछाने के बाद दिल्ली, हरियाणा व राजस्थान के औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ने का काम करेगी।
जहां इन राज्यों के बीच में व्यापार करना आसान हो जाएगा, वहीं दिल्ली से जयपुर तक सफर करने वाले यात्रियों का समय में एक से डेढ़ घंटे की बचत होगी। इस नई रेल लाइन को लेकर भाजपा के जयपुर से सांसद राव राजेंद्र सिंह ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की।
हरियाणा के इस रेलवे स्टेशन से शुरू होगी रेल लाइन
रेलवे बोर्ड द्वारा मंजूर की गई 191 किमी लंबी रेल लाइन हरियाणा के रेवाड़ी रेलवे जंक्शन से शुरू होगी और इसके बाद राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी। यह रेल लाइन राजस्थान के शाहजहांपुर, नीमराणा, बहरोड़, कोटपूतली, पावटा-प्रागपुरा, शाहपुरा से होते हुए राजस्थान की राजधानी जयपुर से सीधे कनेक्ट हो जाएगी। इस रेल लाइन के बनने के बाद जयपुर से दिल्ली जाने वाला नया वैकल्पिक रेल मार्ग तैयार हो जाएगा। दिल्ली से जयपुर के लिए अलवर-बांदीकुई के पुराने रेल रूट की जगह ये नया वैकल्पिक रेल कॉरिडोर तैयार होगा।
दिल्ली से गुरुग्राम, रेवाड़ी के बीच में सफर हो जाएगा सुपरफास्ट
रेलवे बोर्ड द्वारा हरियाणा व राजस्थान के बीच में बनने वाली नई रेल लाइन के बाद दिल्ली, हरियाणा व राजस्थान के बीच में सफर सुपरफास्ट हो जाएगा। फिलहाल दिल्ली से रेवाड़ी होकर जयपुर जाने वाली रेल लाइन ट्रेनों का लोड ज्यादा है। इसके कारण ट्रेन लेट चलती है, लेकिन इसके बाद रेवाड़ी से वाया नीमराणा-कोटपूतली के नए रूट से ट्रेन बिना किसी बाधा के चल सकेगी और पुराने रेल मार्ग से ट्रैफिक लोड कम होगा। नीमराणा दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का हिस्सा है। यह रेल लाइन राजस्थान के उन हिस्सों से होकर निकलेगी, जहां पर पहले सीधी रेल कनेक्टिविटी नहीं थी। इस रेल लाइन के बनने से जहां दिल्ली, हरियाणा व राजस्थान को फायदा मिलेगा, वहीं गुजरात और महाराष्ट्र को भी नया रेल कारिडोर मिल जाएगा।
डीपीआर तैयार होते ही जमीन का किया जाएगा अधिग्रहण
रेलवे बोर्ड द्वारा नई रेल लाइन की डीपीआर व सर्वे करने की मंजूरी दे दी है। इस रेल लाइन की शुरुआत हरियाणा के रेवाड़ी रेलवे जंक्शन से होगी। इसलिए हरियाणा के रेवाड़ी जिले के कई गांवों की जमीन से यह रेल लाइन होकर निकलेगी। इसके बाद यह राजस्थान के अलवर जिले में प्रवेश करेगी। जहां शाहजहांपुर, नीमराणा, बहरोड़, कोटपूतली, पावटा-प्रागपुरा, शाहपुरा होते हुए जयपुर तक रेल लाइन जाएगी। इसके चलते राजस्थान के इन क्षेत्र में आने वाली जमीन का चयन करके उसका अधिग्रहण किया जाएगा और किसानों किसानों को इसके बदले में ज्यादा मुआवजा दिया जाएगा।