डीग। डीग में आगामी पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण और भयमुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कामां पुलिस और जिला डीएसटी टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो पंचायत चुनाव के दौरान मतदाताओं में दहशत फैलाने की योजना बना रहा था। आरोपी के पास से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ असामाजिक तत्व चुनाव में अपने पक्ष में मतदान कराने के लिए हथियारों का डर दिखा सकते हैं। इसी के मद्देनजर 29 अक्टूबर को कामां थानाधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने लेवड़ा गांव निवासी 19 वर्षीय अफसर को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से लोहे का बना एक हथकढ़ डबल बैरल पौना बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने तुरंत जब्त कर लिया।
आरोपी के खिलाफ कामां थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। अनुसंधान के दौरान एएसआई जवाहर सिंह की टीम ने आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद उसके ठिकाने से 315 बोर के तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी को ये हथियार कहां से मिले और क्या इसमें कोई बड़ा गिरोह शामिल है।
इस पूरी कार्रवाई में कामां थानाधिकारी सुनील कुमार के साथ एएसआई खैमसिंह, कांस्टेबल ओमवीर, लखनसिंह और अनिल कुमार की भूमिका सराहनीय रही। वहीं, डीएसटी टीम के प्रभारी वीरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल प्रेमचंद शर्मा, कांस्टेबल शशीकपूर, कपिल, साहबुद्दीन और चालक लक्ष्मण ने भी इस ऑपरेशन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या मतदाताओं को डराने-धमकाने के प्रयासों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले भर में अवैध हथियारों के खिलाफ निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें ताकि निष्पक्ष और सुरक्षित मतदान सुनिश्चित किया जा सके।


