उत्तराखंड में शुक्रवार को बड़ा हेलीकाप्टर हादसा हो गया। जहां पर बदरीनाथ से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास पांडुकेश्वर में पहाड़ी पर क्रैश हो गया। जब हेलीकाप्टर क्रैश हुआ, उस समय खराब मौसम था। विशेषज्ञ खराब मौसम में उड़ान भरना कारण मान रहे है। इस हादसे में हेलीकाप्टर के पायलट सहित 6 लोगों की मौत हो गई।
आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने कहा कि हेलीकाप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो चुकी है। रेस्क्यू के लिए सेना का दल मौके पर पहुंच चुका है। हालांकि चमोली जिलाअधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। जांच के बाद ही इसक बारे में कुछ कहा जा सकता है। जहां पर हादसा हुआ है वह पांडुकेश्वर सड़क से लगभग सात किलोमीटर का पैदल रास्ता है।
पांडुकेश्वर में जो हेलीकाप्टर क्रैश हुआ है वह ट्रांस भारत कंपनी का है। हादसे में मरने वाला सभी यात्री कर्नाटक के रहने वाले है और पायलट दिल्ली निवासी है। हादसे में मरने वालों की पहचान पायलट दिल्ली निवासी 48 वर्षीय कैप्टन हिमांशु सभरवाल व यात्रियों की पहचान कर्नाटक निवासी 41 वर्षीय प्रतापा, 44 वर्षीय अरुण सालुंके, 39 वर्षीय वीबी. शंकर गौड़ा, 50 वर्षीय सुधीर के रूप में हुई है।
सीएम धामी रख रहे पूरे घटनाक्रम पर नजर
सीएम धामी ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट शेयर कर उक्त हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि 'चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
खराब मौसम के बावजूद भरी थी उड़ान
बदरीनाथ से देहरादून जा रहे हेलीकॉप्टर ने खराब मौसम के बावजूद उड़ान भरी थी। हेलीकॉप्टर ने दोपहर एक बजकर पांच मिनट एक हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी जो देहरादून पहुंचा। एक बजकर 12 मिनट देहरादून के लिए दूसरे हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी। जो लापता हो गया। एक बजकर 20 मिनट फिर एक हेलीकॉप्टर ने बदरीनाथ से उड़ान भरी। वह भी सुरक्षित देहरादून पहुंच गया।
फिर पता चला कि 1.12 मिनट पर उड़ने वाला हेलीकॉप्टर लापता है। इसके बाद भी दोपहर 2.10, 2.15 और 2.22 उड़ान भरी गईं। देहरादून के लिए दिनभर में लगभग 12 हेलीकॉप्टरों ने उड़ान भरी। सभी चार्टर थी।


