Haryana News: हरियाणा प्रदेश के हिसार शहर में ट्रैफिक की समस्या को कम करने के लिए सरकार द्वारा बड़ा फैसला लिया गया है। शहर में पहले से स्थित पुराना फोरलेन दिल्ली रोड सिक्स लेन बनाने हेतु सरकार द्वारा प्रशासनिक मंजूरी दे दी गई है। पुराना दिल्ली रोड सिक्स लेन बनने से हिसार शहर में ट्रैफिक समस्या काफी मात्रा में कम हो जाएगी।
इस रोड को सिक्स लेन बनने की प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को इस सिक्स लेन रोड का गुणवत्तापूर्वक निर्माण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नियमों का पालन करते हुए शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए इस रोड का जल्द से जल्द निर्माणकार्य पूर्ण किया जाए। गंगवा ने कहां की प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रदेश में कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए नई सड़कों का जाल तो बिछाया जा ही रहा है, साथ ही सुरक्षित आवागमन के लिए बेहतर और टिकाऊ सड़क बनाना भी उनका मुख्य उद्देश्य है।
43 करोड़ से अधिक राशि होगी खर्च
हिसार शहर में फोरलेन से 6 लेन में तब्दील होने जा रहे पुराने दिल्ली रोड पर सरकार द्वारा करोड़ों रुपए खर्च किए जाएंगे। इस रोड को सिक्स लेन बनाने हेतु विभाग को 43 करोड़ 35 लाख 48 हजार रुपए खर्च करने की प्रशासनिक मंजूरी मिली है। बता दें कि इस रोड के फोरलेन होने और ट्रैफिक लोड अधिक होने के कारण शहर में कई बार जाम की स्थिति बन जाती थी। जिस वजह से लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अब सरकार ने इसे सिक्स लेन में तब्दील करने का फैसला लिया है।
चुंगी चौक से लेकर सिरसा चौक तक बनेगा सिक्स लेन
हिसार शहर में पुराना दिल्ली रोड को शहर का मुख्य जरिया माना जाता है। इस रोड के चौड़ीकरण हेतु प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद अब इस रोड को सिक्स लेन में तब्दील करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियंत्रिक मंत्री रणबीर गंगवा ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर के मुख्य रोड में से एक पुराना दिल्ली रोड का चुंगी चौक से लेकर सिरसा चुंगी चौक तक सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस रोड के चौड़ीकरण से चुंगी चौक और सिरसा चुंगी चौक के बीच आए दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को मुक्ति मिलेगी।


