Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

हिसार में 55 करोड़ की दो बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी, 50 एकड़ में विकसित होगा डेयरी परिसर, 60 पार्कों का होगा विकास

हिसार में 55 करोड़ की दो बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी, 50 एकड़ में विकसित होगा डेयरी परिसर, 60 पार्कों का होगा विकास

Hisar News : हरियाणा सरकार द्वारा शहरों के विकास पर फोकस किया जा रहा है। जहां पर नई परियोजनों को स्वीकृति दी जा रही है। हिसार में वर्षों से लंबित डेयरी शिफ्टिंग प्रोजेक्ट और शहर के पार्कों के सुंदरीकरण की योजना को शनिवार को हाई पावर परचेज कमेटी की बैठक में मंजूरी मिल गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हरियाणा भवन में हुई बैठक में डेयरी शिफ्टिंग प्रोजेक्ट के लिए 34.61 करोड़ रुपये के टेंडर को स्वीकृति दी गई, जबकि करीब 21.18 करोड़ रुपये के पार्क सुंदरीकरण प्रोजेक्ट का टेंडर निर्धारित बजट से 14 प्रतिशत कम दर पर हिसार की एजेंसी को आवंटित करने पर सहमति बनी।

दोनों परियोजनाओं के टेंडर की दरें नेगोशियेशन के अंतर्गत तय होने के बाद अब आवंटन से जुड़ी शेष कागजी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। दिसंबर में निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इन परियोजनाओं से जहां शहर को व्यवस्थित डेयरी परिसर की सौगात मिलेगी, वहीं पार्कों और ग्रीन बेल्ट का स्वरूप भी निखरेगा। बैठक में मेयर प्रवीण पोपली, निगमायुक्त सी. जयाश्रद्धा, एक्सईएन अमित कौशिकव एक्सईएन जयवीर डूडी मौजूद रहे।

डेयरियां शिफ्ट करने का प्रोजेक्ट 12 साल बाद सिरे चढ़ा

हिसार में डेयरियों को शहर से बाहर व्यवस्थित स्थान पर शिफ्ट करने की योजना करीब 12 वर्षों से फाइलों में आगे बढ़ने का इंतजार कर रही थी। 29 दिसंबर 2014 को तत्कालीन मुख्यमंत्री की ओर से इस परियोजना की घोषणा की गई थी। इसके बाद विभिन्न प्रक्रियाओं के बीच यह योजना अब निर्माण के चरण की ओर बढ़ रही है। मेयर प्रवीण पोपली और निगमायुक्त सी. जयाश्रद्धा के प्रयासों के बीच टेंडर प्रक्रिया पूरी होने से परियोजना को गति मिली है।

करीब 50 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाले डेयरी परिसर पर 34 करोड़ 61 लाख 76 हजार 297 रुपये खर्च किए जाएंगे। इस कार्य के लिए दिल्ली की एजेंसी का चयन किया गया है। परियोजना के तहत करीब 342 डेयरियों के लिए स्थान विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही परिसर में सड़कें, चारदीवारी, सीवरेज लाइन, शौचालय, तालाब, पशु अस्पताल, वाटर वर्क्स, प्रवेश द्वार और बरसाती पानी की निकासी के लिए स्टार्म वाटर लाइन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

60 पार्कों और ग्रीन बेल्ट का निखरेगा स्वरूप

शहर के पार्कों को हरा-भरा, सुंदर और नागरिकों के लिए अधिक उपयोगी बनाने की दिशा में भी कदम आगे बढ़ा है। करीब 21 करोड़ 17 लाख 89 हजार 200 रुपये के प्रस्तावित बजट वाली इस परियोजना का टेंडर हिसार की एजेंसी ने 14 प्रतिशत कम दर पर लिया है। कम दर पर टेंडर होने से निर्धारित बजट की तुलना में खर्च में कमी आएगी।

एक ही परिसर में मिलेंगी जरूरी सुविधाएं

डेयरी परिसर में बुनियादी सुविधाएं विकसित होने से डेयरियों को व्यवस्थित स्थान पर संचालित करने की दिशा में मदद मिलेगी। सड़क, जलापूर्ति, सीवरेज और पशु चिकित्सा जैसी सुविधाओं की उपलब्धता से परिसर का संचालन सुगम बनाने की योजना है। परियोजना का उद्देश्य शहर में डेयरियों से जुड़ी व्यवस्थाओं को अधिक व्यवस्थित स्वरूप देना है।

हिसार नगर निगम मेयर प्रवीण पोपली ने बताया कि अब एजेंसियों को कार्य आवंटित करने से संबंधित कागजी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। डेयरी शिफ्टिंग और पार्कों के सुंदरीकरण की दोनों परियोजनाएं हिसार के लिए महत्वपूर्ण हैं। इनके सिरे चढ़ने से शहर को बड़े स्तर पर लाभ होगा।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

Rajasthan New Project : राजस्थान में 3000 करोड़ का नया प्रोजेक्ट, 500 बीघा जमीन होगी अधिग्रहण