MP News: मध्यप्रदेश राज्य के मंदसौर जिले में सिंहस्थ पथ बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। सिंहस्थ पथ परियोजना के तहत भगवान पशुपतिनाथ मंदिर से नालछा माता मंदिर होते हुए मंदसौर बायपास तक 3.80 कीलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण शुरू हो गया है। इस सड़क का निर्माण 31 करोड़ 50 लाख रुपए से किया जाएगा। सड़क बनने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा। नालछा माता मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं सहित आसपास के रहवासियों को भी सुविधा मिलेगी।
सिंहस्थ-2028 के दौरान वाहन चालकों का सफल बनाएगी आसान
सिंहस्थ-2028 के दौरान भी यह मार्ग वाहन चालकों का सफर आसान बनाएगा । लंबे समय से लोग इस सड़क के निर्माण का इंतजार कर रहे थे। मार्ग की स्थिति बेहतर होने से मंदिरों तक पहुंचना आसान होगा और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को भी राहत मिलेगी। निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों को अब इसके जल्द पूरा होने की उम्मीद है। सिंहस्थ की तैयारियों के लिहाज से भी इस मार्ग का निर्माण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। धार्मिक स्थलों और बायपास के बीच आवागमन अधिक सुविधाजनक हो सकेगा।
बरखेड़ा पंथ में 3 करोड़ रुपए की सड़क का भी हुआ भूमिपूजन
मंदसौर जिले में बरखेड़ा पंथ में टीलाखेड़ा श्मशान घाट से सांवरिया मंदिर तक 2.5 किमी सड़क का भूमिपूजन उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा सहित अन्य अतिथियों की मौजूदगी में किया गया। सड़क पर 306.41 लाख रुपए खर्च होंगे। देवड़ा ने कहा कि दिसंबर तक चंबल नदी का पानी जीले के हर खेत तक पहुंचाने का लक्ष्य है। इससे किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी और तीन फसलें लेने में मदद मिलेगी। उन्होंने बरखेड़ा पथ के तालाब का सौंदर्याकरण और बड़े पैमाने पर पौधरोपण कराने की बात भी कही।
सांसद सुधीर गुप्ता ने बरखेड़ा पंथ में नगर वन विकसित कर फलदार पौधे लगाने की घोषणा की। जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पाटीदार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण से आवागमन सुविधाजनक हुआ है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित, पिपलियामंडी नगर परिषद अध्यक्ष इंदिरा देवरिया व नप उपाध्यक्ष भरत सिंह सोनगय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


