Productivity tools: फोन या लैपटॉप की स्क्रीन एक साथ लंबे समय तक देखने से आंखों पर बुरा असर पड़ता है। इसके अलावा लंबे समय तक स्क्रीन देखने से सेहत पर भी बुरा असर पड़ता है। इसलिए फोन या लैपटॉप की स्क्रीन पर काम करने के दौरान आंखों को कुछ समय के लिए ब्रेक देना चाहिए। आंखों की सेहत को ध्यान में रखते हुए पढ़ाई और काम में फोकस बढ़ाने के लिए आज हम आपके लिए कुछ डिजिटल टूल्स लेकर आए हैं।
काम या पढ़ाई के दौरान बार-बार मोबाइल देखना, सोशल मीडिया चलाना और आसपास के शोर से ध्यान भटक सकता है। ऐसे में कुछ एप्स और वेबसाइट फोकस बनाए रखने में मदद कर सकते हैं। ये मोबाइल से दूरी बनाने, शांत माहौल तैयार करने, बीच-बीच में एक्सरसाइज करने और काम पूरा करने की आदत विकसित करने में मदद करते हैं। वहीं, फोकस बढ़ाने और ध्यान भटकाने वाली आदतों को समझने में किताबें भी मददगार हो सकती हैं। आइए जानते हैं ऐसे 6 टूल्स के बारे में, जिनका इस्तेमाल छात्र और वर्किंग प्रोफेशनल्स कर सकते हैं।
स्टिकके एप से लक्ष्य के लिए करें वादा
यह प्लेटफॉर्म लक्ष्य तय करने और उसे पूरा करने के लिए कमिटमेंट कॉन्ट्रैक्ट बनाता है। जैसे, रोज दो घंटे पढ़ाई, समय पर असाइनमेंट या नियमित एक्सरसाइज। खास बात यह है कि तय परिणाम की जिम्मेदारी व्यक्ति को वादा निभाने के लिए प्रेरित कर सकती है।
मायनॉइज एप से पसंद की आवाजों से मिलेगा सुकून
यह वेबसाइट काम या पढ़ाई के लिए झरने, बारिश, वाइट नॉइज और बिल्ली के गुरांने जैसी आवाजें देती है। आवाजों का स्तर बदलकर अपना साउंड मिक्स भी बना सकते हैं। खास बात यह है कि इससे कैफे का माहौल बनाएं और बातचीत व रसोई की आवाजें घटाएं-बढ़ाएं।
वेकआउट एप काम के समय देता है एक्सरसाइज ब्रेक रिमाइंडर
यह एप कम समय में की जाने वाली एक्सरसाइज के वीडियो देता है। इसमें एक मिनट के व्यायाम और छोटे मूवमेंट गेम भी हैं। खास बात यह है कि काम के बीच शरीर को सक्रिय रखने में मदद करता है। लंबे समय तक बैठे रहने पर कुछ एप्स को रोकने की सुविधा भी है।
फोकसमेट के साथ मिलकर करें काम
यह प्लेटफॉर्म 25, 50 या 75 मिनट का सेशन बुक कर दूसरे व्यक्ति के साथ वीडियो कॉल पर काम करने की सुविधा देता है। इसे 'बॉडी डबलिंग' कहते हैं। किसी दूसरे की मौजूदगी से जिम्मेदारी और फोकस बढ़ने में मदद मिल सकती है।
हेडस्पेस एप से बिना बोल वाले म्यूजिक सुनें
यह मेडिटेशन और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा एप है। इसमें मन को शांत करने और ध्यान लगाने के लिए कई तरह के ऑडियो हैं। बिना बोल वाला म्यूजिक सुनकर काम के दौरान एकाग्रता बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
फॉरेस्ट एप से फोन छोड़ने पर उगेगा पेड़
यह एप मोबाइल का इस्तेमाल कम करने में मदद करता है। पढ़ाई या काम शुरू करते समय इसमें वर्चुअल पेड़ लगाते हैं। तय समय तक मोबाइल इस्तेमाल न करने पर पेड़ बढ़ता रहता है। इसका मुख्य उद्देश्य काम पर ध्यान बढ़ाने की आदत बनाना है। 6 करोड़ लोग इस्तेमाल कर चुके हैं। इन डिजिटल टूल्स की मदद से आप अपने जीवन को आसान बना सकते हैं।